सोरेंग : 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र अनुदान के प्रबंधन हेतु गठित जिलास्तरीय समिति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को सोरेंग जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर धीरज सुबेदी ने की।
बैठक में जिले में 15वें वित्त आयोग के स्वास्थ्य अनुदान के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न मदों में उपलब्ध राशि के प्रभावी उपयोग, प्रस्तावित कार्य योजनाओं तथा निगरानी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी डॉ ईडन जेड भूटिया ने स्वास्थ्य क्षेत्र अनुदान की वित्तीय और क्रियान्वयन स्थिति पर प्रस्तुति दी। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दवाइयों की उपलब्धता, गुणवत्ता सुनिश्चित करने, क्षमता निर्माण, वेलनेस गतिविधियों, टेली-परामर्श, निगरानी, जनजागरुकता तथा अन्य संचालन संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।
भूटिया ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट घटक के लिए कार्य योजना भी प्रस्तुत की, जिसमें रिचेनपोंग पीएचसी में यूनिट की प्रस्तावित स्थापना शामिल है। इसमें बुनियादी ढांचे, ब्लॉक पब्लिक हेल्थ प्रयोगशाला, प्रयोगशाला उपकरण, एचएमआईएस सहायता और मंगलबाड़ी में मौजूदा यूनिट की आवर्ती आवश्यकताओं के लिए प्रावधान शामिल हैं।
उप-स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बदलने की योजना पर भी विचार किया गया। इसके अंतर्गत सूचना एवं संचार गतिविधियों, आईटी सहयोग, प्रशिक्षण और निगरानी को प्राथमिकता दी जाएगी। डॉ ईडन ने स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रस्तावित जिला और ब्लॉक-स्तरीय निगरानी तंत्र के बारे में भी समिति को जानकारी दी। इसमें जिला पंचायत, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों वाली टीमों का गठन और उनकी जिम्मेदारियां शामिल थीं। चर्चा के दौरान, समिति ने प्रस्तावित और रूपांतरण कार्य योजनाओं और आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में समय पर रिपोर्टिंग, बेहतर समन्वय और फंड के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने हेतु शहरी स्थानीय निकायों और स्वास्थ्य विभाग के बीच उपयोग विवरण और संबंधित वित्तीय जानकारी साझा करने के लिए एक निश्चित समय-सारणी स्थापित करने पर भी चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर धीरज सुबेदी ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्णयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी और उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग पर विशेष जोर दिया। बैठक में सीएमओ डॉ स्मृति राई, डॉ ईडन जामयांग भूटिया, जिला पंचायत और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
No Comments: