सोरेंग : समुदाय के बीच वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने तथा बीमा और आवश्यक वित्तीय सेवाओं के प्रति जागरुकता मजबूत करने के उद्देश्य से सीआरआईएसआईएल फाउंडेशन की सोरेंग सीएफएल और दरामदिन सीएफएल टीम ने गुरुवार को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सोरेंग डीएसी के बाहर वित्तीय जागरुकता स्टॉल लगाया। इस पहल के माध्यम से वित्तीय साक्षरता टीम को विश्वकर्मा पूजा समारोह में पहुंचे आगंतुकों, वाहन चालकों, सरकारी अधिकारियों और आम लोगों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला।
टीम ने लोगों को बचत, वित्तीय योजना, बीमा और अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय सेवाओं के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें सोच-समझकर और उचित जानकारी के आधार पर वित्तीय निर्णय लेने के लिए प्रोत्साहित किया। वाहन चालकों के बीच बीमा जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने वाहन चालकों को बीमा संबंधी प्रपत्र भरने में सहायता की और पर्याप्त वित्तीय सुरक्षा के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया। वित्तीय जागरुकता स्टॉल का निरीक्षण सोरेंग के एसडीपीओ छेवांग दोरजी भूटिया ने पुलिस विभाग के एक अधिकारी के साथ किया।
विभिन्न संबद्ध विभागों के सरकारी अधिकारियों ने भी स्टॉल का दौरा किया और वित्तीय साक्षरता टीम के सदस्यों से बातचीत की। इससे वित्तीय जागरुकता से जुड़ी इस पहल की पहुंच और प्रभाव को और बढ़ावा मिला। अधिकारियों की उपस्थिति और समारोह में शामिल लोगों की भागीदारी ने पारंपरिक बैंकिंग स्थलों से बाहर निकलकर एक प्रमुख सामुदायिक आयोजन के माध्यम से सीधे लोगों तक वित्तीय जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
सीआरआईएसआईएल फाउंडेशन की सोरेंग सीएफएल और दरामदिन सीएफएल की यह पहल जमीनी स्तर पर वित्तीय साक्षरता, बीमा जागरुकता और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में सामुदायिक सहयोग के महत्व को दर्शाती है। कार्यक्रम के समापन तक आगंतुकों के साथ लगातार संवाद और जागरुकता संबंधी गतिविधियां जारी रहीं। इसके माध्यम से जिम्मेदार वित्तीय योजना बनाने और उपलब्ध वित्तीय सेवाओं के प्रति अधिक जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
No Comments: