नामची : नामची जिले के लोअर पासी, रातेपानी जीपीयू में सोमवार को केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की रेजिंग एंड एक्सेलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (आरएएमपी) योजना के तहत नूडल बनाने के 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सहयोग से जिमे टेकअवे, गंगटोक के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को नूडल बनाने, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण और उद्यमिता से संबंधित व्यावहारिक जानकारी एवं कौशल प्रदान करना है। इसके माध्यम से स्थानीय समुदायों की क्षमता को विकसित करने तथा खाद्य आधारित सूक्ष्म उद्यमों के जरिए टिकाऊ आजीविका के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण में एसएचजी के सदस्यों सहित 20 सक्रिय प्रतिभागी और उभरते उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों को नूडल निर्माण की व्यावहारिक जानकारी के साथ तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि वे अपने छोटे खाद्य कारोबार की शुरुआत या विस्तार कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के बीच स्टार्टर किट का भी वितरण किया गया। इन किटों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास करने में मदद मिलेगी। साथ ही, उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और आय सृजन को बढ़ावा देना है। विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े उद्यम स्थापित करने के इच्छुक लोगों को सक्षम बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। आरएएमपी योजना, सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग और जिमे टेकवे के बीच यह सहयोग राज्य में कौशल विकास, क्षमता निर्माण और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में संयुक्त प्रयास को दर्शाता है। 20 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को लगातार व्यावहारिक सत्र और मार्गदर्शन दिया जाएगा, जिससे वे नूडल निर्माण को आजीविका और उद्यमिता के एक व्यवहारिक विकल्प के रूप में अपना सकें।
No Comments: