मंगन : हिमाचल प्रदेश से आए 11 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मंगन जिले के काबी तिंगदा ब्लॉक का दौरा किया। यह दौरा प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) द्वारा आयोजित प्रेस टूर के तहत किया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पीआईबी शिमला के सहायक निदेशक संजीव शर्मा ने किया। काबी तिंगदा ब्लॉक को केंद्र सरकार के वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम (वीवीपी) के तहत शामिल किया गया है।
काबी तिंगदा ब्लॉक प्रशासनिक केंद्र पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक खादा पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक विकास अधिकारी ताशी वांग्याल भूटिया, वार्ड पंचायत तिंगमो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद आयोजित संवाद कार्यक्रम में अधिकारियों ने ब्लॉक में चल रही विकास योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी।
ब्लॉक विकास अधिकारी ने बताया कि काबी तिंगदा ब्लॉक के अंतर्गत आठ ग्राम पंचायत इकाइयां आती हैं। यहां कुल 2,962 परिवारों में 13,287 लोग निवास करते हैं और क्षेत्र में 16 राजस्व गांव हैं। इनमें 10 गांवों को वाइब्रेंट विलेज के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में आम सशक्तिकरण योजना, सिक्किम गरीब आवास योजना, मेरा रुख मेरा संतति, मिशन मिलियन ओक ट्रीज, कनेक्ट टू अर्थ, विश्व बैंक समर्थित सिक्किम इंस्पायर्स तथा ‘वन फैमिली, वन एंटरप्रेन्योर’ जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
डिविजनल इंजीनियर सोनम पिंछो ने क्षेत्र की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहां की ऊंचाई समुद्र तल से करीब 3,000 से 15,000 फीट तक है। क्षेत्र में चोला दर्रा, काबी लुंगचोक, ऐतिहासिक तुमलांग पैलेस के अवशेष, मांड्रोलिंग मठ और कंचनजंगा व्यू प्वाइंट जैसे महत्वपूर्ण स्थल मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम के तहत क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें फोदोंग फॉरेस्ट ब्लॉक में 20 किलोमीटर ट्रेकिंग पथ और कैंपिंग साइट के लिए 213.01 लाख रुपये, काबी फॉरेस्ट ब्लॉक में 8 किलोमीटर इको-ट्रेल के लिए 91.07 लाख रुपये, पानेय फेंसोंग में ट्रेकिंग पथ के लिए 72.28 लाख रुपये तथा यांगथांग खोला पर सस्पेंशन फुटब्रिज के लिए 59.71 लाख रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व वाले स्थलों का भी जायजा लिया। इस दौरान फेंसांग, फोदोंग, लाब्रांग और मिंड्रोलिंग मठों सहित काबी लुंगचोक के महत्व की जानकारी दी गई। काबी लुंगचोक वह ऐतिहासिक स्थल है, जहां 13वीं शताब्दी में लेपचा प्रमुख तेकोन टेक और भूटिया राजकुमार ख्ये बुमसा के बीच रक्त बंधुत्व की संधि हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान काबी लुंगचोक का भी भ्रमण किया। दौरे में पीआईबी गंगटोक के दो अधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल के साथ रहे।
No Comments: