इंजीनियर आधुनिक समाज के निर्माण की मजबूत नींव : प्रेम सिंह तमांग

गंगटोक : गंगटोक के मनन केंद्र में मंगलवार को राष्ट्रीय इंजीनियर्स दिवस 2026 का राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और इंजीनियरिंग समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए भारत रत्न सर एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी जयंती को देशभर में राष्ट्रीय इंजीनियर्स दिवस के रूप में मनाया जाता है।

भारतीय इंजीनियरिंग के क्षेत्र में सर विश्वेश्वरैया के अमूल्य योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम के विकास में कार्यरत, वरिष्ठ और सेवानिवृत्त इंजीनियरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य में सडक़, पुल, भवन, पेयजल व्यवस्था, बिजली, संचार नेटवर्क सहित विभिन्न बुनियादी ढांचों के निर्माण में अभियंताओं ने अहम योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि वर्तमान दौर में इंजीनियरों की भूमिका केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं रही है। वे प्रशासन, नीति क्रियान्वयन और नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने युवा इंजीनियरों से वरिष्ठों के अनुभव से सीखने, नई तकनीकों को अपनाने और नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को बेहतर योजना, उच्च गुणवत्ता और टिकाऊ निर्माण के माध्यम से धरातल पर उतारा जाना चाहिए, ताकि उनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने इंजीनियरों को आधुनिक सभ्यता और समाज के निर्माण की मजबूत नींव बताया।

इसके अलावा, तमांग ने इंजीनियरों के हित में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इंजीनियरों को महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर नियुक्त करने के साथ अस्थायी रूप से कार्यरत युवा इंजीनियरों के नियमितीकरण की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग समुदाय से ‘सुनहरे, समृद्ध और समर्थ सिक्किम’ के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

अपने भाषण में सेवानिवृत्त इंजीनियर्स एसोसिएशन (सिविल) के अध्यक्ष सी. जांगपो ने कहा कि सडक़, पुल, भवन, बिजली, पेयजल और डिजिटल ढांचे के विकास के माध्यम से इंजीनियरों ने समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा इंजीनियरों को पदोन्नति देने तथा 245 जूनियर इंजीनियरों को राज्य जूनियर इंजीनियर कैडर में शामिल किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

समारोह में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के पीसीई सह सचिव शैलेंद्र शर्मा और सहायक अभियंता सुनील लामा ने तरल अपशिष्ट उपचार तथा आदमपुल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों पर तकनीकी प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर गोविंद प्रसाद प्रधान, जीडी मिमानी, डीबी सुब्बा, पीएस बस्‍नेत, तेज बहादुर गुरुंग, जीपी शर्मा, आरएन शर्मा, तागा खम्पा, बिनोद कुमार सिंचुरी, एनडी लामा, ताशी दावा भूटिया, सोनम दादुल भूटिया, राधेश्याम चांडक, टीआर खनाल और सीके बस्‍नेत सहित सेवानिवृत्त इंजीनियरों, वास्तुकारों और ठेकेदारों को सम्मानित किया गया।

वहीं, इंजीनियर्स दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित अंतर-विभागीय फुटसल प्रतियोगिता में ग्रामीण विकास विभाग (दक्षिण-पश्चिम) विजेता और परिवहन विभाग उपविजेता रहा। पांच किलोमीटर इंजीनियर्स डे रन की महिला श्रेणी में ओजेश्वरी राई और पुरुष श्रेणी में सहयोग राई ने प्रथम स्थान हासिल किया। ‘इंजीनियर्स गॉट टैलेंट’ के तहत नृत्य और गायन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मुख्यमंत्री ने पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख, इंजीनियर संगठनों के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics