गेजिंग जिला कलेक्टर ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा

गेजिंग : गेजिंग जिला कलेक्टर तेनजिंग डी. डेन्जोंग्पा (Tenzing D Denzongpa) ने गुरुवार को भूस्खलन प्रभावित सिंगलिताम और रिम्बी क्षेत्रों का दोबारा स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के साथ राहत, सुरक्षा और बहाली कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

भूस्खलन के कारण इन क्षेत्रों में सडक़ संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ था। प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से क्षतिग्रस्त सडक़ को एक दिन के भीतर ही यातायात योग्य बना दिया गया। सडक़ खुलने से स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।

बहाली अभियान में सड़क एवं पुल विभाग, बिजली विभाग, वन विभाग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एसएसबी की 72वीं बटालियन की बचाव टीम, जिला एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ स्थानीय युवाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे मकानों और क्षेत्रों पर नजर रखने को कहा जहां दोबारा भूस्खलन या जमीन खिसकने का खतरा हो सकता है।

जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को किसी भी नई हलचल या खतरे के संकेत मिलते ही समय पर एहतियाती और राहत उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित विभागों और मैदानी अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर लोगों की सुरक्षा तथा आवश्यक सडक़ संपर्क और सेवाओं की शीघ्र बहाली को प्राथमिकता दी जा रही है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics