सिक्किम की शिक्षा पहल को वैश्विक पहचान दिलाने अमेरिका जाएंगी कुनजांग चोकी

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने दी शुभकामनाएं

गंगटोक : सिक्किम की शिक्षा क्षेत्र की पहल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए कुनजांग चोकी अमेरिका की यात्रा पर रवाना होंगी। वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय, मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) सहित अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में आयोजित कार्यशालाओं और शैक्षणिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कुनजांग चोकी को उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वह वैश्विक मंच पर सिक्किम की नवोन्मेषी चार्टर स्कूल पहलों का प्रतिनिधित्व करेंगी और राज्य की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अनुभव एवं दृष्टिकोण साझा करेंगी।

यात्रा के दौरान उन्हें विश्वस्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की कार्यप्रणाली, नवाचार और शिक्षा के क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक पद्धतियों को समझने का अवसर मिलेगा। इससे प्राप्त ज्ञान और अनुभव को सिक्किम की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत एवं समृद्ध बनाने में उपयोग किए जाने की उम्मीद है।

छात्र कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष एवं शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया कि यह यात्रा वैश्विक ज्ञान, नवीन विचारों और श्रेष्ठ शैक्षणिक पद्धतियों को सिक्किम तक लाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

प्रेस नोट में कुनजांग चोकी की यात्रा की सफलता की कामना करते हुए उम्मीद जताई गई कि वह नए विचारों और अनुभवों के साथ लौटेंगी, जो सिक्किम में शिक्षा के भविष्य को बेहतर बनाने में सार्थक योगदान देंगे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics