गेजिंग : सिक्किम सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा खेचुपेरी बैम्बू हाउस एंड हैंडीक्राफ्ट्स के सहयोग से योक्सम-ताशीडिंग के चोंगरांग में आयोजित बांस और लकड़ी के हस्तशिल्प से संबंधित एक माहव्यापी प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह में राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री छिरिंग टी. भूटिया ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
विगत 25 जुलाई को शुरू हुआ यह 30 दिवसीय कौशल विकास कार्यक्रम केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की रेजिंग एंड एक्सेलेरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (रैम्प) योजना के तहत संचालित किया गया। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 30 कारीगरों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम आरिथांग-चोंगरांग जीपीके हॉल में आयोजित समारोह के साथ संपन्न हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री भूटिया ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त कौशल का उपयोग स्थायी आजीविका और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने के लिए किया जाना चाहिए। राज्य सरकार कौशल विकास और क्षमता निर्माण के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रही है।
मंत्री ने कहा कि सिक्किम के भीतर और बाहर बांस तथा लकड़ी से बने हस्तशिल्प उत्पादों के लिए अच्छा बाजार उपलब्ध है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, नए उत्पादों के विकास और प्रभावी विपणन पर ध्यान देने की अपील की, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
उन्होंने राज्य सरकार के सिक्किम इंस्पायर्स कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विशेषकर शिक्षित युवाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण और उद्यमिता के क्षेत्र में कई अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से केवल सरकारी नौकरी तक अपनी आकांक्षाएं सीमित नहीं रखने और विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार व उद्यमिता की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया।
मंत्री भूटिया ने बताया कि प्रत्येक जिले में जिला उद्योग केंद्र उभरते उद्यमियों को मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों से इन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। प्रशिक्षुओं ने नए कौशल सीखने का अवसर प्रदान करने के लिए मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग तथा प्रशिक्षण संचालित करने वाली संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सिक्किम कंज्यूमर कोऑपरेटिव सोसाइटी की अध्यक्ष शांति लिम्बू, चोंगरांग बीडीओ गीता कुमारी गुरूंग, जिला पंचायत सदस्य यदुनाथ छेत्री, आरिथांग-चोंगरांग ग्राम पंचायत अध्यक्ष गंगा माया छेत्री, खेचुपेरी बंबू हाउस के संचालक इंद्र के लिम्बू, ग्राम पंचायत सदस्य, गेजिंग डीआईसी के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
No Comments: