युवाओं से सीधा संवाद, एसकेएम ने शुरू किया ‘यूथ कनेक्ट’ अभियान

गेजिंग : गेजिंग जिले के मानेबुंग-देन्ताम विधानसभा से एसकेएम पार्टी की युवा शाखा ने यूथ कनेक्ट अभियान की शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य राज्य के युवाओं को पार्टी से जोड़ना, उनके विचार, समस्याएं और अपेक्षाएं समझना तथा युवाओं और पार्टी नेतृत्व के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना है।

राज्यस्तरीय युवा अध्यक्ष लाक्पा मोक्तान के नेतृत्व में तथा पार्टी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम सिक्किम में अभियान के पहले चरण की शुरुआत गेजिंग जिले के मानेबुंग-देन्ताम विधानसभा से की गई। देन्ताम के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुदेश कुमार सुब्बा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राज्यस्तरीय युवा शाखा के प्रतिनिधि, समष्टिस्तरीय युवा शाखा के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि, पार्टी के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता तथा स्थानीय युवा शामिल हुए। इसके अलावा जिले की चारों विधानसभा के युवा संयोजक, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं की वर्तमान स्थिति, उनके सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों तथा आगामी दिनों में युवाओं के लिए किए जा सकने वाले कार्यों पर चर्चा की गई। युवा पीढ़ी की राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भागीदारी एवं सक्रियता को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि एसकेएम सरकार की ओर से युवाओं को केंद्रित कर कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए सहयोग प्रदान किया जा रहा है। युवा शाखा की ओर से बताया गया कि यूथ कनेक्ट अभियान युवाओं और पार्टी नेतृत्व के बीच प्रत्यक्ष संपर्क स्थापित करने का माध्यम बनेगा। अभियान के जरिए विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के सुझाव और शिकायतें सुनी जाएंगी, उनकी आवश्यकताओं की पहचान की जाएगी तथा उन्हें राज्य के विकास की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

एसकेएम युवा शाखा के अनुसार, अभियान गेजिंग जिले की चारों समष्टियों में चलाया जाएगा। मानेबुंग-देन्ताम से शुरू हुआ अभियान क्रमशः जिले की अन्य विधानसभा तक पहुंचेगा। गेजिंग जिले में अभियान पूरा होने के बाद यूथ कनेक्ट कार्यक्रम सोरेंग जिले में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्यस्तरीय युवा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि नरेश छेत्री ने एसकेएम और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा किसी भी समाज और राज्य की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी ऊर्जा, क्षमता और रचनात्मकता का सही दिशा में उपयोग किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि शिक्षा, खेलकूद, रोजगार, उद्यमिता, सामाजिक सेवा और नेतृत्व विकास के क्षेत्रों में भी आगे बढ़ाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।

वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी के साथ प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी राय और जरूरतों को समझने से भविष्य की नीतियों एवं कार्यक्रमों के निर्माण में भी मदद मिलेगी। अपने संबोधन में विधायक सुदेश कुमार सुब्बा ने कहा कि युवाओं को सशक्त बनाने और उन्हें पार्टी के प्रति समर्पित बनाने के उद्देश्य से युवा शाखा ने इस अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने विधानसभास्तरीय युवा शाखाओं से युवा-केंद्रित कार्यक्रमों को प्रत्येक वार्ड स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उठने वाले मुद्दों को राज्य स्तर तक पहुंचाने में इस तरह के अभियान प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। अभियान के दौरान पार्टी की युवा शाखा संगठन विस्तार के साथ-साथ युवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाएगी। कार्यक्रम में युवा शाखा के प्रतिनिधि राजमान गुरुंग ने भी अपने विचार रखे। सभा को योगेन राई समेत अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics