गंगटोक : ऑल सिक्किम फिजियोथेरेपिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने फुटसल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के तकनीकी सहयोग से सोमवार को जीएमसी फुटसल एरिना में एक नॉकआउट फुटसल टूर्नामेंट आयोजित किया। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टाइमलेस टाइटंस ने आयुष-11 को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में सिक्किम सरकार के सहकारिता एवं ग्रामीण विकास मंत्री अरुण उप्रेती, विधायक सह खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सलाहकार दिले नामग्याल बारफुंग्पा और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अध्यक्ष फुर्बा रिनजिंग शेरपा उपस्थित रहे। एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी ने टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को खेल और मनोरंजक गतिविधियों से जोडऩे के साथ फिटनेस, शारीरिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन की शुरुआत सिंगताम अस्पताल और एसटीएनएम अस्पताल के बीच प्रदर्शनी मुकाबले से हुई, जिसमें एसटीएनएम अस्पताल ने 2-0 से जीत दर्ज की। दूसरे प्रदर्शनी मुकाबले में चेयरमैन-5 ने राइजर डॉक्टर्स को रोमांचक मुकाबले में 7-5 से पराजित किया। इस अवसर पर सिक्किम प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने विशेष नृत्य प्रस्तुति भी दी।
टूर्नामेंट के समापन पर विभिन्न पुरस्कार भी प्रदान किए गए। टाइमलेस टाइटंस के नीमा को सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी का पुरस्कार मिला, जबकि इसी टीम के जॉन को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया। टीम ब्लेजर्स को सर्वश्रेष्ठ टीम और एड्रेनालिन एफसी को फेयर प्ले टीम का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
No Comments: