गंगटोक : 13वीं नॉर्थ ईस्ट जोनल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में हिस्सा लेने के लिए सिक्किम राइफल एसोसिएशन की टीम सोमवार को असम के गुवाहाटी पहुंच गई। प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 30 अगस्त तक गुवाहाटी के काहिलीपारा शूटिंग रेंज में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के तत्वावधान में किया जाएगा।
सिक्किम की टीम का नेतृत्व राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय बुढ़ाथोकी कर रहे हैं। टीम के मैनेजर सुमित शर्मा और मुख्य प्रशिक्षक रोहित सोनी के साथ राज्य के 11 निशानेबाज प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल और 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
गुवाहाटी पहुंचने पर सिक्किम की टीम का अनिरबान दत्ता और असम के पूर्व मिस्टर इंडिया, मिस्टर असम एवं मिस्टर नॉर्थ इंडिया द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने सिक्किम के खिलाड़ियों से मुलाकात कर प्रतियोगिता के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
टीम ने अपने आधिकारिक कार्यक्रम के तहत दिसपुर स्थित जनता भवन सचिवालय में असम सरकार के वित्त विभाग के सचिव एवं असम इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक मेघा निधि दाहाल, आईएएस से भी मुलाकात की। दाहाल ने सिक्किम के खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
सिक्किम राइफल एसोसिएशन ने कहा कि इस प्रतियोगिता में राज्य की भागीदारी सिक्किम में प्रतिस्पर्धी शूटिंग खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एसोसिएशन का उद्देश्य राज्य के युवा एवं उभरते निशानेबाजों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा सिक्किम की शूटिंग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
एसोसिएशन ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सिक्किम का दल अनुशासन, दृढ़ संकल्प और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगा।
No Comments: