खेल, संस्कृति और देशभक्ति के रंग में रंगा गेजिंग का स्वतंत्रता दिवस समारोह

गेजिंग : गेजिंग जिले में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के जिला स्तरीय कार्यक्रम का दूसरा दिन सोमवार को क्योंगसा स्टेडियम में उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट तेंजिंग डी डेन्जोंग्‍पा मुख्य अतिथि तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सोनम वांगदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भवन एवं आवास विभाग की ओएसडी सपना सुब्बा, जिला सूचना अधिकारी राजेन तमांग, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, शिक्षण संस्थानों के प्रमुख, यांगथांग यूनाइटेड के सदस्य, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

समारोह का मुख्य आकर्षण इंटर-स्कूल फुटबॉल और पुरुष ओपन फुटबॉल टूर्नामेंट रहा, जिसका आयोजन इंडिपेंडेंस डे सेलिब्रेशन कमेटी (यांगथांग यूनाइटेड) ने खेल एवं युवा मामले विभाग के सहयोग से किया।

इंटर-स्कूल प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में पेलिंग चुम्पोंग सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने लांगांग सीनियर सेकेंडरी स्कूल को 4-2 से हराया। लांगांग स्कूल के निशाल लिम्बू को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में सिनियोलचू ने एसएसटी टिकजेक को 5-0 से पराजित किया। वहीं दूसरे मुकाबले में चाइल्डहुड एफसी ने क्योंगसा ब्रदर्स को 4-1 से शिकस्त दी।

इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम देशभक्ति, खेल भावना और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics