सोरेंग : सोरेंग जिले में मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत सुनवाई प्रक्रिया सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान, स्थानीय जिला प्रशासनिक केंद्र में जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित दावों, आपत्तियों और अन्य मामलों की सुनवाई की गई।
सुनवाई संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा की जा रही है।
इस सुनवाई के लिए रिन्चेनपोंग विधानसभा क्षेत्र के लिए मंगलबारिया एसडीएम डीएन शर्मा को ईआरओ नियुक्त किया गया है। वहीं बीडीओ कालुक दाबग्याल लामा, मंगलबारिया बीडीओ मनदीप सुब्बा और लेखा पदाधिकारी मीमनाम लिम्बू एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इसी तरह, दरमदिन विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम (मुख्यालय) प्रेम सुब्बा ईआरओ हैं। उनके साथ, दरमदिन बीडीओ अनसूया प्रधान, सहायक श्रम आयुक्त प्रकाश चंद्र सुब्बा और लेखा पदाधिकारी तारा प्रसाद शर्मा को एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ की जिम्मेदारी दी गई है। सोरेंग-चाकुंग विधानसभा क्षेत्र के लिए सोरेंग एसडीएम साकचुम लेप्चा ईआरओ हैं। बीडीओ पारू हांग सुब्बा, कृषि उपनिदेशक मनीष प्रधान और लेखा पदाधिकारी बुबिन गुरुंग एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ के रूप में सुनवाई कर रहे हैं।
वहीं, सालघारी-जूम विधानसभा क्षेत्र में एडीसी डीआर बिष्ट ईआरओ हैं। उनके साथ, बैगुने बीडीओ प्रमीला गुरूंग, उपनिदेशक सुभाष तमांग और सहायक आईटी निदेशक आमिर भंडारी को एईआरओ एवं अतिरिक्त एईआरओ बनाया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह सोरेंग डीसी धीरज सुबेदी जिले में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। उनका उद्देश्य सुनवाई प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के साथ सभी दावों, आपत्तियों और संबंधित मामलों का समय पर निपटारा सुनिश्चित करना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को रिन्चेनपोंग विधानसभा क्षेत्र में 61, दरमदिन में 49, सोरेंग-चाकुंग में 81 और सालघारी-जूम विधानसभा क्षेत्र में 95 मामलों की सुनवाई की गई। जिला प्रशासन के अनुसार 16, 17 और 20 जुलाई को आयोजित सुनवाई के दौरान अब तक कुल 657 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। प्रशासन ने सभी संबंधित मतदाताओं से निर्धारित तिथि और समय पर सुनवाई में उपस्थित होने तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने में पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।
No Comments: