प्रशासन और जनता के बीच नियमित संवाद आवश्यक : लोकनाथ शर्मा

गेजिंग : गेजिंग नगर पंचायत की ओर से शुक्रवार को स्थानीय सामुदायिक भवन में ‘क्षेत्र सभा सह जनसंवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय शासन में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना तथा लोगों को अपनी समस्याएं, सुझाव और विकास संबंधी अपेक्षाएं प्रशासन के समक्ष रखने के लिए मंच प्रदान करना था।

कार्यक्रम में गेजिंग-बर्मेक क्षेत्र के विधायक लोकनाथ शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ, गेजिंग के जिला कलेक्‍टर तेंजिंग डेंजोंग्‍पा, पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा, सिक्किम मिल्क यूनियन के अध्यक्ष यम कुमार शर्मा, डेंजोंग कृषि सहकारी समिति सलाहकार अशोक प्रधान, मुख्यमंत्री की कानूनी सलाहकार पूजा लामिछाने, गेजिंग नगर पंचायत अध्यक्ष खिना माया तिवारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख, ओएसडी और अन्य गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक लोकनाथ शर्मा ने नागरिकों से गेजिंग के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील करते हुए नागरिक बुनियादी सुविधाओं और सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि समावेशी, जवाबदेह और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और जनता के बीच नियमित संवाद आवश्यक है। नागरिकों, निर्वाचित प्रतिनिधियों और सरकारी विभागों के सामूहिक प्रयासों से ही क्षेत्र का दीर्घकालीन विकास संभव हो सकता है।

इससे पहले, गेजिंग नगर पंचायत के नगर कार्यपालक अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र सभा शहरी प्रशासन में पारदर्शिता, जनभागीदारी और सामुदायिक संवाद को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण खुला जनसंवाद सत्र रहा, जिसमें विभिन्न वार्डों के निवासियों ने नागरिक सुविधाओं और विकास से जुड़े मुद्दे प्रशासन के सामने रखे। लोगों ने सडक़ संपर्क, पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

संबंधित विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जवाब दिया और चल रही परियोजनाओं तथा प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। जिन मामलों में आगे की कार्रवाई आवश्यक थी, उन्हें दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजने का निर्णय लिया गया। जनसंवाद के माध्यम से आम जनता, निर्वाचित प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच नागरिक सुविधाओं, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से संबंधित विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

इस दौरान, जिला कलेक्‍टर तेंजिंग डेंजोंग्‍पा ने विकास योजनाओं की तैयारी और क्रियान्वयन में जनता की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसंवाद के दौरान उठाई गई सभी वास्तविक समस्याओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जनसंवाद से जमीनी स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील प्रशासन को मजबूती मिलती है।

कार्यक्रम को गेजिंग नगर पंचायत अध्यक्ष खिना माया तिवारी ने नगर पंचायत की ओर से पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शहरी प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, विशेष कार्याधिकारी प्रकाश गुरूंग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा ग्यालशिंग को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics