संगठनात्मक मजबूती और जनसेवा पर एसकेएम का मंथन

विकास और जनसेवा को बनाएं प्राथमिकता : लोकनाथ शर्मा

गेजिंग : गेजिंग जिला स्थित Sikkim Krantikari Morcha (SKM) पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को पंचायत प्रकोष्ठ की ओर से एक महत्वपूर्ण बधाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक लोकनाथ शर्मा ने की।

पार्टी संगठन को अधिक सशक्त, प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बुर्तुक निर्वाचन क्षेत्र की विधायक एवं राज्य स्तरीय पंचायत प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष कला राई, राज्य स्तरीय पंचायत प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अशोक प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, नवनियुक्त पंचायत प्रकोष्ठ संयोजकों तथा पार्टी के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सोरेंग और गेजिंग में हाल ही में सम्पन्न नगरपालिका चुनाव में विजयी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को बधाई और शुभकामनाएं देना था। साथ ही पंचायत प्रकोष्ठ में हाल ही में नियुक्त नए सदस्यों का औपचारिक स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने दोनों जिलों के नगर पंचायत प्रतिनिधियों को खादा एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। पार्टी नेतृत्व ने सभी नव नियुक्त एवं नव निर्वाचित प्रतिनिधियों से जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी, जवाबदेही और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लोकनाथ शर्मा ने कहा कि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय, एकता और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को विकास, सुशासन और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए। उन्होंने गेजिंग और सोरेंग नगर पंचायत के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए नगर निकायों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता ने पार्टी पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे व्यवहार और कार्यशैली के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाना सभी जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रकोष्ठ की भावी कार्ययोजना, संगठन विस्तार, जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान, स्थानीय निकायों में पार्टी की भूमिका तथा जनसंपर्क को और सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने अनुभव, सुझाव और विचार साझा करते हुए पार्टी को और अधिक मजबूत एवं जनउत्तरदायी बनाने का संकल्प व्यक्त किया। विधायक कला राई ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनियुक्त सदस्यों तथा नवनिर्वाचित नगर पंचायत प्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई दी।

उन्होंने सभी से जनहित को केंद्र में रखकर कार्य करने और विकास एवं समृद्धि की दिशा में पार्टी के सभी स्तरों पर एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। समारोह में विभिन्न बोर्डों एवं विभागों के सलाहकार, अध्यक्ष, गेजिंग और सोरेङ नगर पंचायत के सदस्य, ओएसडी, पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने संगठनात्मक एकता को और मजबूत करते हुए विकास एवं जनसेवा के अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त सदस्यों और नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को पुनः बधाई देते हुए उनके सफल, उपलब्धिपूर्ण और जनोन्मुखी कार्यकाल की कामना की गई। साथ ही पार्टी संगठन को और अधिक गतिशील, सशक्त तथा जनविश्वास का केंद्र बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics