नामची में एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण का कार्य लगभग पूरा

नामची : एसआईआर-2026 के तहत नामची जिले ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया है। साथ ही जिले में निर्वाचन अभिलेखों के डिजिटलीकरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नामची जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त ताजा जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 99.84 प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया जा चुका है। यह उपलब्धि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जुटे बीएलओ के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। वहीं, अब तक एकत्रित एन्यूमरेशन फॉर्म में से 89.29 प्रतिशत का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है। जिले में वितरित 1,10,474 एन्यूमरेशन फॉर्म में से 98,800 फॉर्म को डिजिटल रूप दिया जा चुका है।

जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटलीकरण कार्य की प्रगति संतोषजनक रही है। विधानसभा क्षेत्रवार उपलब्धि के अनुसार बारफुंग में 88.65 प्रतिशत, पोकलोक-कामरंग में 88.85 प्रतिशत, नामची-सिंगीथांग में 86.85 प्रतिशत, मल्ली में 86.24 प्रतिशत, नामथांग-रातेपानी में 88.21 प्रतिशत, तिमी-नामफिंग में 91.38 प्रतिशत में रांगगांग-यांगगांग में 94.19 प्रतिशत कार्य हुआ है। जिला प्रशासन ने बताया कि गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण का कार्य 28 जून 2026 तक जारी रहेगा। जिन मतदाताओं को प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, उनसे निर्धारित अवधि के भीतर अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारियों को भरे हुए प्रपत्र जमा करने का आग्रह किया गया है।

प्रशासन के अनुसार समय पर प्रपत्र जमा होने से प्रारूप मतदाता सूची को अधिक व्यापक, सटीक और अद्यतन बनाने में सहायता मिलेगी। जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा निर्वाचन कर्मियों को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है। एसआईआर से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए मतदाता अपने संबंधित बीएलओ, ईआरओ अथवा एईआरओ से संपर्क कर सकते हैं।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics