गंगटोक : महिला, बाल, वरिष्ठजन एवं दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से आज रानीपुल स्थित वृद्धाश्रम में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के प्रति देखभाल, सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम विभाग के प्रभारी मंत्री साम्दुप लेप्चा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वृद्धाश्रम का दौरा कर वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
इस अवसर पर मंत्री के साथ विभाग की प्रधान निदेशक सह सचिव नॉर्मित लेप्चा, प्रधान निदेशक उर्वशी पौड्याल, विशेष सचिव वंदना राई, अतिरिक्त निदेशक सोनम ल्हामू भूटिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में सरमसा जीपीयू के पंचायत अध्यक्ष दिनेश कुमार छेत्री और उपाध्यक्ष नरेंद्र राई भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री साम्दुप लेप्चा ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज के मार्गदर्शक हैं और उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक तथा सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना सभी का कर्तव्य है।
मंत्री ने प्रकृति संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि करुणा, संवेदनशीलता और पर्यावरण जागरूकता से ही एक जिम्मेदार और मानवीय समाज का निर्माण संभव है। इस दौरान, बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सुविधा और सम्मान की दिशा में वृद्धाश्रम के सभी निवासियों को व्यक्तिगत देखभाल और स्वच्छता से संबंधित सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही, पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली का संदेश देते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया।
विभाग की ओर से बताया गया कि यह कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत चल रही पहलों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में वृद्धाश्रम के केयरटेकर सह प्रभारी, अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद भी किया गया।
No Comments: