गंगटोक : फुटसल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम (एफएएस) की ओर से सोमवार को गंगटोक स्थित जीएमसी सभागार में सिक्किम फुटसल लीग 2026 की जर्सी का अनावरण किया गया। इस वर्ष लीग का आयोजन “वन गोल, वन प्लांट-ग्रीन स्पोर्ट्स इनिशिएटिव” थीम के तहत किया जा रहा है।
कार्यक्रम में फुटसल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम के चीफ पैट्रन प्रभाकर गोले मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आगामी लीग के लिए टीमों की जर्सी का आधिकारिक अनावरण किया। इस समारोह के साथ सिक्किम फुटसल लीग 2026 की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हुआ। साथ ही खेल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष सिक्किम फुटसल लीग में राज्यभर से कुल 10 पंजीकृत टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें ऑल सिक्किम डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, देवराली एफसी, बेयुल एफसी, ब्रदर्स एफसी, एसबीआई यूनाइटेड सिक्किम, राइजर्स एफसी, फेरू एफसी चांदमारी, अल्टीमेट फुटबॉल क्लब, टॉफीज एफसी और टाइमलेस टाइटंस एफसी शामिल हैं। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह लीग खिलाडिय़ों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य में फुटसल के विकास और पेशेवर स्वरूप को मजबूत करेगी।
आज के कार्यक्रम में फुटसल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम की अध्यक्ष डॉ थकेला भूटिया लीग के उद्देश्यों और “वन गोल, वन प्लांट” पहल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वन विभाग के सहयोग से इस पहल के तहत टूर्नामेंट में किए गए प्रत्येक गोल पर एक पौधा लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि टूर्नामेंट का संचालन अधिक से अधिक पेपरलेस तरीके से किया जाए। डॉ. भूटिया ने राज्यभर में फुटसल के विकास के लिए एसोसिएशन के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।
वहीं, चीफ पैट्रन प्रभाकर गोले ने सिक्किम फुटसल लीग 2026 के आयोजन के लिए फुटसल एसोसिएशन ऑफ सिक्किम को बधाई दी। उन्होंने राज्य में फुटसल के विकास के लिए अपना समर्थन दोहराया और सभी 10 भाग लेने वाली टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह लीग ऐसे प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को सामने लाने में मदद करेगी, जो आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर सिक्किम का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने राज्य में इस खेल को और मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
उनके साथ, एसोसिएशन के सलाहकार डॉ रामोन छेत्री ने कहा कि एसोसिएशन राज्य में फुटसल के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि सिक्किम फुटसल लीग 2026 पहली बार फीफा फुटसल नियमों के अनुसार आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन हाल ही में सिक्किम फुटबॉल एसोसिएशन के अधीन आया है, जो एआईएफएफ और फीफा से संबद्ध राज्य की मान्यता प्राप्त संस्था है।
इस अवसर पर सिक्किम फुटसल लीग 2026 के संचालन और प्रबंधन को लेकर एसोसिएशन महासचिव निशांत दास राई और तकनीकी समिति प्रमुख विशाल छेत्री द्वारा एक तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। सत्र में भाग लेने वाली टीमों और संबंधित हितधारकों को लीग प्रारूप, प्रतियोगिता नियमों, खिलाड़ी पंजीकरण प्रक्रिया और टूर्नामेंट से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
No Comments: