पाकिम : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर रविवार को पाकिम स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के सभागार में योग संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिक्किम सरकार के आयुष विभाग द्वारा पाकिम डीएसी के सहयोग से किया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रही। इस थीम के माध्यम से स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए योग के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही यह संदेश दिया गया कि योग व्यक्ति के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष लाडेन लामू भूटिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रभा प्रधान भी मौजूद थीं।
इस अवसर पर डीसी परी बिश्नोई, मुख्यमंत्री के एपीएस विशाल शर्मा, पाकिम नगर पंचायत अध्यक्ष इंचुंग भूटिया, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की अध्यक्ष निम चिकी शेरपा, सहकारिता विभाग की अध्यक्ष बिद्या बिस्वकर्मा, नामचेबुंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक के ओएसडी हरि रिजाल, आईटी विभाग के ओएसडी बुम छिरिंग योंजन, मुख्यमंत्री के सीए उर्गेन लेप्चा, एसडीएम (मुख्यालय) थेंदुप लेप्चा तथा एसडीएम एनके भंडारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुलजन लामा ने योग के महत्व तथा महर्षि पतंजलि के योग सूत्रों की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। योग सत्र की शुरुआत वार्म-अप और मोबिलिटी एक्सरसाइज से हुई। इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने अर्ध कटि चक्रासन, भद्रासन, वज्रासन, मार्जरीआसन, भुजंगासन तथा सूर्य नमस्कार सहित कई योग मुद्राओं का अभ्यास किया। इसके साथ ही श्वास संबंधी तकनीकों और विश्राम अभ्यास भी कराए गए, जिससे शरीर की लचीलापन, संतुलन और समग्र स्वास्थ्य में सुधार होता है।
पाकिम योग क्लब के सदस्यों ने योगासनों का प्रदर्शन किया, जबकि डॉ लामा ने प्रत्येक योगासन और योग तकनीक के लाभों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के बाद समाज कल्याण विभाग की कल्याण पदाधिकारी सुनीता दहाल ने योग के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने अपने परिवार, समुदाय और सामाजिक परिवेश में जागरुकता फैलाकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पाकिम योग क्लब ने आईडीवाई-2026 की यूथ एम्बेसडर एवं राष्ट्रीय एथलीट अर्पणा गुरूंग को खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में पाकिम नगर पंचायत के सदस्य, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, पुलिस एवं एनडीआरएफ के जवान, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, पाकिम योग क्लब के सदस्य तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
No Comments: