सांसद सुब्बा ने रेल मंत्री से की मुलाकात

रेल नेटवर्क विस्तार से बदलेगी सिक्किम की तस्वीर: इंद्र हांग सुब्बा

गंगटोक : सिक्किम के लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा ने गुरुवार शाम नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य में चल रही और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की।

बैठक के दौरान सांसद ने सिक्किम में रेल संपर्क विस्तार के लिए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य में संचालित रेल परियोजनाएं ऐतिहासिक महत्व की हैं और इनके पूरा होने से आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार तथा क्षेत्रीय संपर्क को नई गति मिलेगी।

इंद्र हांग सुब्बा ने प्रस्तावित रंगपो-रानीपुल रेल परियोजना के महत्व पर जोर देते हुए इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रंगपो से रानीपुल तक रेल नेटवर्क का विस्तार होने से राज्य की राजधानी क्षेत्र के निकट रेल संपर्क उपलब्ध होगा और परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी।

सांसद ने प्रस्तावित मल्ली-देंताम रेल लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण (एफएलएस) जल्द पूरा कराने की भी मांग की। उनका कहना था कि यह परियोजना पश्चिम सिक्किम की संपर्क व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन तथा आवागमन के नए अवसर पैदा करेगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। सुब्बा ने विश्वास जताया कि रेल मंत्रालय सिक्किम में रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार को आगे भी समर्थन देता रहेगा और राज्यवासियों की लंबे समय से चली आ रही रेल संपर्क की आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics