पाकिम में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पाकिम : एमएसएमई विभाग की रैम्प योजना के तहत पाकिम जिला उद्योग केंद्र द्वारा सिक्किम एंटरप्रेन्योरशिप एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट (सीड) सेल के सहयोग से आज चलमथांग-पाचेखानी और ईस्ट पेंडम जीपीयू में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना था। इस दौरान स्थानीय युवाओं, इच्छुक उद्यमियों और आम नागरिकों को स्वरोजगार, आर्थिक विकास, वित्तीय सहायता और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के पहले सत्र में चलमथांग-पाचेखानी जीपीयू की पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजू पौड्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमियों के लिए कौशल और दक्षता हासिल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं और उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

वहीं, ईस्ट पेंडम जीपीयू में आयोजित दूसरे सत्र में पंचायत अध्यक्ष पेमा तमांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आज के समय में युवाओं के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों से ऐसे कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सीड सेल के संगठन सचिव ताशी ओंगदुप लेप्चा ने कहा कि यह प्रकोष्ठ युवाओं को उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू की गई “एक परिवार, एक उद्यमी” अभियान का उद्देश्य सिक्किम के युवाओं को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है और यह राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है।

लेप्चा ने आगे बताया कि सीड सेल इच्छुक उद्यमियों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता तक पहुंच और अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर राज्य में सफल उद्यमियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने वाणिज्य एवं उद्योग विभाग और सीड सेल के सहयोग से राज्य के स्टार्टअप और नवाचार तंत्र को मजबूत करने के लिए लागू किये जा रहे राइज कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने इच्छुक उद्यमियों से इस कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केंद्र निरीक्षक जिक्मी लेप्चा ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने वाली परिवर्तनकारी औद्योगीकरण योजना (उन्नति) के बारे में जानकारी दी। वहीं, डीआईसी रिसोर्स पर्सन दिलीप रुचल ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य, पात्रता मानदंड और सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में बताया।

कार्यक्रम में निरीक्षक हेमलता सुब्बा, रिसोर्स पर्सन प्रेरणा प्रधान और आशीष गुरुंग ने भी वक्तव्य रखा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रबिन मोक्तान, संबंधित जीपीयू पंचायत सदस्य, पंचायती राज संस्थान के सहायक निदेशक, वाणिज्य व उद्योग विभाग तथा सीड सेल के प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics