‘मेरो रुख मेरो संतति’ के साथ मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस

पाकिम : वन एवं पर्यावरण विभाग के पाकिम टेरिटोरियल डिवीजन की ओर से गुरुवार को याक्तेन, कार्तोक में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस वर्ष के “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम ग्नाथांग माचोंग की विधायक सह समाज कल्याण विभाग की सलाहकार पामिन लेप्चा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ पाकिम डीजी परी बिश्नोई भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

इस अवसर पर डीएफओ एसपी भूटिया ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कार्यक्रम “मेरो रुख मेरो संतति” पहल के साथ समन्वय में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल को वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिली है। उन्होंने उपस्थित लोगों से वृक्षारोपण गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने और कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया।

भूटिया ने वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी दी। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विषय जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर केंद्रित है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 के आयोजन का मेजबान देश अजरबैजान है।

कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा शुरू की गई “मेरो रुख मेरो संतति” पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चे के जन्म के अवसर पर पौधारोपण के माध्यम से माता-पिता, बच्चों और प्रकृति के बीच भावनात्मक संबंध को मजबूत करना है। अभियान के दौरान छह बच्चों के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के कुल 648 पौधे लगाए गए।

पौधरोपण अभियान के बाद सिक्किम शिशु समृद्धि योजना के तहत नवजात बच्चों के अभिभावकों को पासबुक वितरित किए गए। इस योजना के अंतर्गत “मेरो रुख मेरो संतति” कार्यक्रम के तहत 108 पौधे लगाने वाले अभिभावकों के नवजात बच्चे के नाम पर सिक्किम सरकार 10,800 रुपये जमा करती है। यह राशि ब्याज सहित सावधि जमा के रूप में रखी जाती है, जिसे बच्चा 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर निकाल सकता है।

कार्यक्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत क्विक रिस्पॉन्स टीम के सदस्यों को फील्ड ऑपरेशन और आपातकालीन प्रतिक्रिया कार्यों में सहयोग के लिए उपकरण भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर एडीसी (विकास) सांगे ग्याछो भूटिया, पाकिम एसडीएम एन.के. भंडारी, पाकिम नगर पंचायत सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनडीआरएफ कर्मी तथा वन व पर्यावरण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics