गंगटोक : वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने सोमवार को ई-ऑफिस प्रणाली का सफलतापूर्वक शुभारंभ किया। इसके साथ ही विभाग ने डिजिटल सुशासन, कार्यकुशलता में वृद्धि तथा कागजरहित प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ई-ऑफिस प्रणाली का औपचारिक उद्घाटन वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की सचिव सुश्री कर्मा डी युत्सो ने किया। इस अवसर पर एमएसएमई निदेशक एम. रवि कुमार, विशेष सचिव-सह-उद्योग निदेशक सुश्री छोदेन ग्याछो सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन और शुभारंभ की पहल विभाग की आईटी टीम द्वारा की गई। इस कार्य का नेतृत्व आईटी सुश्री चिमिला शेरपा ने किया। परियोजना को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मार्गदर्शन और सहयोग से सफलतापूर्वक लागू किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव सुश्री कर्मा डी युत्सो ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाने से फाइलों के निस्तारण और आवागमन की प्रक्रिया तेज होगी। इसके साथ ही प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा सेवा वितरण की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस का शुभारंभ विभाग की तकनीक-आधारित सुशासन व्यवस्था और आधुनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अपनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने ई-ऑफिस प्रणाली के सफल कार्यान्वयन में तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का आभार व्यक्त किया। साथ ही विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग की भी सराहना की गई, जिनके संयुक्त प्रयासों से यह परियोजना सफलतापूर्वक लागू हो सकी। ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन के साथ ही वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने अधिक कुशल, पारदर्शी और पर्यावरण-अनुकूल प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इससे न केवल कार्यप्रणाली में तेजी आएगी, बल्कि कागज के उपयोग में कमी आने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
No Comments: