गंगटोक : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गंगटोक जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का कार्य तेज गति से जारी है। इस अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित कर रहे हैं, ताकि जिले के सभी पात्र मतदाताओं को प्रक्रिया में शामिल किया जा सके।
अभियान के तीसरे दिन तक जिले में कुल 24,888 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो जिले के कुल मतदाताओं का 20.36 प्रतिशत है। यह विशेष पुनरीक्षण अभियान मतदाता अभिलेखों के सत्यापन एवं अद्यतन के लिए चलाया जा रहा है, जिससे सटीक और समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सके।
निर्वाचन विभाग के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रपत्र वितरण की स्थिति इस प्रकार है- तुमिन-लिंगी में 3,798, खामदोंग-सिंगताम में 4,334, श्यारी में 3,695, मार्तम-रूमतेक में 5,096, अपर तादोंग में 1,964, अरिथांग में 1,620, गंगटोक में 2,367, अपर बर्तुक में 1,629 तथा संघा निर्वाचन क्षेत्र में 385 प्रपत्र वितरित किए गए हैं। गंगटोक जिले में कुल 1,22,240 मतदाता हैं। पुनरीक्षण कार्य के लिए जिले में 182 बूथ स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है।
गणना प्रपत्रों के माध्यम से मतदाताओं के नाम, आयु, पता, फोटो तथा ईपीआईसी संबंधी विवरणों का सत्यापन और अद्यतन किया जा रहा है। बीएलओ मतदाताओं को प्रपत्र भरने में सहायता देने के साथ-साथ पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित उनकी शंकाओं का भी समाधान कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण कार्य 28 जून 2026 तक जारी रहेगा। मतदाता निर्धारित समयावधि के भीतर भरे हुए प्रपत्र संबंधित बीएलओ को जमा कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा बीएलओ को सहयोग प्रदान करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, सटीक और समावेशी बनाया जा सके। इस पुनरीक्षण अभियान में विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए) भी सहयोग कर रहे हैं, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता, शुद्धता और जनभागीदारी को बढ़ावा मिल रहा है।
No Comments: