उत्तर-पूर्व भारत के विकास का नया इंजन बन रहा है : गजेंद्र सिंह शेखावत

'सोरेंग देश के लिए आशा और संभावनाओं का प्रतीक'

सोरेंग : केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत (Gajendra Singh Shekhawat) ने शुक्रवार को अपने सोरेंग दौरे के दूसरे दिन रुर्बन कॉम्प्लेक्स में जिला अधिकारियों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, जिला अधिकारी, विभिन्न हितधारक और छात्र उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद गवर्नमेंट बीएड कॉलेज, सोरेंग के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में शेखावत ने सोरेंग जिले की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक समृद्धि, लोगों की सादगी और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे देश के लिए आशा का प्रतीक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य विकास संबंधी असमानताओं को दूर करना है और यह 48 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों पर आधारित है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और आधारभूत संरचना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर-पूर्व क्षेत्र अब देश के विकास इंजन के रूप में उभर रहा है। उन्होंने प्रकृति आधारित पर्यटन, वेलनेस पर्यटन, इवेंट आधारित पर्यटन और अनुभवात्मक पर्यटन को क्षेत्र के लिए संभावनाओं से भरपूर बताया।

कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों, छात्रों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए उन्होंने उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल हो चुका है और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

इस अवसर पर सोरेंग-च्‍याखुंग के विधायक आदित्‍य गोले ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए आकांक्षी जिला कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला कलेक्टर धीरज सुबेदी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि अतिरिक्त जिला कलेक्टर डीआर बिष्‍ट ने आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में जूम-सालघारी के विधायक मदन सिंचुरी, रिनचेनपोंग के विधायक इरुंग लेप्‍चा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे। बाद में केंद्रीय मंत्री ने यमुना फाल्‍स, वृंदावन धाम तथा सिक्किम खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के ऊनी बुनाई केंद्र का भी दौरा किया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics