गंगटोक : मुख्य सचिव आर. तेलंग ने शुक्रवार को ताशीलिंग सचिवालय स्थित सम्मेलन कक्ष में आगामी कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर समन्वय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक का आयोजन सिक्किम पर्यटन विकास निगम द्वारा किया गया, जो सिक्किम से यात्रा के लिए नोडल एजेंसी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जून महीने में आयोजित होने वाली इस वर्ष की यात्रा में 50-50 यात्रियों के 10 जत्थे शामिल होंगे। सिक्किम पर्यटन विकास निगम के प्रधान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ग्युमरी योसाल ने बताया कि पांच वर्षों के अंतराल के बाद पिछले वर्ष यात्रा फिर से शुरू हुई थी और इस वर्ष इसका दूसरा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्री 15 जून 2026 को गंगटोक पहुंचेंगे।
यात्रियों को नाथूला के रास्ते चीन जाने से पहले 18 माइल और छांगू लेक स्थित अनुकूलन केंद्रों में दो रातों तक ठहराया जाएगा। चीन में दस दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद यात्री उसी मार्ग से वापस गंगटोक लौटेंगे और अगले दिन नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बैठक में आर तेलंग ने आतिथ्य, चिकित्सा सुविधाओं, बिजली-पानी आपूर्ति, सड़क स्थिति, यातायात प्रबंधन, नेटवर्क कनेक्टिविटी, कस्टम क्लियरेंस और मीडिया कवरेज सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में गृह विभाग के सचिव तेनजिंग टी काल्योन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सचिव अन्नपूर्ण आले, स्वास्थ्य विभाग के पीडीएचएस विकास प्रधान, गंगटोक के जिलाधिकारी रोहन अगवाने, एसपी महेंद्र सुब्बा सहित कई अधिकारी और संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
No Comments: