नामची : नामची डीसी के निर्देश पर पोकलोक कामरांग निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत दोंग-डेनचुंग जीपीयू के 12वें माइल, जोरथांग रोड स्थित निर्माणाधीन रिसोर्स रिसाइक्लिंग सेंटर का बुधवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में एडीसी (मुख्यालय) सुभाष घिमिरे, एसडीएम (मुख्यालय) निम पिंछो भूटिया, डेनचुंग सिल्लीचुंग पंचायत सदस्य चंद्र माया राई, पोकलोक कामरांग निर्वाचन क्षेत्र के ओएसडी फुर्देन लेप्चा, डीएफओ नामची (टेरिटोरियल) छितेन ताशी लेप्चा, एमईओ योगेन स्यांगदेन, पीएचईडी के डीई सोनम कार्थक, सड़क एवं पुल विभाग के जूनियर इंजीनियर दिनेश गुरूंग सहित स्थानीय नागरिक शामिल थे।
बताया गया कि डेनचुंग क्षेत्र के निवासियों ने 9 अप्रैल को डीसी को ज्ञापन सौंपकर निर्माणाधीन आरआरसी परियोजना के विभिन्न पहलुओं को लेकर चिंता व्यक्त की थी। इसी के मद्देनजर प्रशासन द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एडीसी ने स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने प्रस्तावित रिसोर्स रीसाइक्लिंग सेंटर की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र में कचरे के सुरक्षित संग्रहण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली का पालन किया जाएगा।
निरीक्षण दल ने परियोजना स्थल के तीन किलोमीटर के दायरे में स्थित विभिन्न जल स्रोतों और धार्मिक महत्व वाले स्थलों का भी दौरा किया। इस दौरान पर्यावरणीय संतुलन, स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा तथा जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया। दल ने परियोजना की दीर्घकालिक पर्यावरणीय स्थिरता और संचालन संबंधी व्यवहार्यता का भी मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना के संचालन में स्थानीय पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
No Comments: