नामची : किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता, सम्मान और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नामची के पीएमश्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मेनस्ट्रुअल केयर रूम एवं स्टूडेंट वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया गया।
यह पहल एलकेम सुलभ सैनिटेशन क्लब द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य मासिक धर्म के दौरान छात्राओं की शिक्षा में आने वाली उन समस्याओं को दूर करना है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। विश्वभर में अनेक किशोरियां स्वच्छता सुविधाओं, सैनिटरी उत्पादों और सुरक्षित वातावरण के अभाव में स्कूल से अनुपस्थित रहती हैं या पढ़ाई छोड़ने तक को मजबूर हो जाती हैं। सामाजिक संकोच, गलत धारणाएं और सांस्कृतिक वर्जनाएं भी उनकी समस्याओं को और बढ़ा देती हैं।
मेनस्ट्रुअल केयर रूम और वेलनेस सेंटर का औपचारिक उद्घाटन नामची की डीसी अनुपा तामलिंग ने किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी अनुपा तामलिंग ने कहा कि यह केंद्र आशा, संवेदनशीलता और सकारात्मक पहल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छोटी लेकिन सार्थक पहलें छात्राओं के आत्मविश्वास, विद्यालय में उपस्थिति और भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि किशोरियों को स्वच्छता सुविधाएं, सैनिटरी उत्पाद और सही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इससे छात्राओं में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा उनकी शिक्षा बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगी। डीसी ने छात्राओं को मासिक धर्म संबंधी विषयों पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा शिक्षकों और अभिभावकों से भी जागरुकता बढ़ाने में सहयोग देने की अपील की।
सुलभ सैनिटेशन क्लब के राष्ट्रीय समन्वयक रूपक रॉय चौधरी ने कहा कि एलकेम सुलभ सैनिटेशन क्लब शिक्षा विभाग के सहयोग से एक वर्ष लंबा अभियान चला रहा है, जिसके तहत स्कूलों में छात्राओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चेंजिंग रूम का पुनर्निर्माण और विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल बुनियादी ढांचे के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य ऐसा सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी वातावरण तैयार करना है, जहां किशोरियां मासिक धर्म के दौरान सहजता और आत्मविश्वास के साथ अपनी देखभाल कर सकें। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत स्वच्छ शौचालय, सैनिटरी उत्पाद, सुरक्षित निस्तारण प्रणाली और स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराकर मासिक धर्म स्वच्छता, साफ-सफाई और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर काम किया जा रहा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुश्री बंदना राई ने डीसी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय लगातार छात्राओं में मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देने और किशोरियों के लिए सुरक्षित एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इस पहल के तहत संस्था को मेंस्ट्रुअल कप उपलब्ध कराने के लिए सुलभ संस्था का विशेष धन्यवाद भी दिया। उनके अनुसार यह कदम टिकाऊ मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देने में बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
विद्यालय की छात्रा मुसरत साहिन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले मासिक धर्म को लेकर छात्राओं में संकोच और झिझक का माहौल रहता था। सही जानकारी के अभाव में कई छात्राएं असहज महसूस करती थीं। उन्होंने बताया कि एलकेम सुलभ सैनिटेशन क्लब द्वारा आयोजित जागरुकता कार्यक्रमों और प्रशिक्षण सत्रों ने इन धारणाओं को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन कार्यक्रमों से छात्राओं को वैज्ञानिक जानकारी मिली, खुलकर संवाद करने का अवसर मिला और मासिक धर्म से जुड़े भ्रम दूर हुए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्थापित नया मेनस्ट्रुअल केयर रूम छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक स्थान बनकर उभरा है। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे बिना किसी भय या झिझक के नियमित रूप से विद्यालय आ पा रही हैं।
विद्यालय में स्थापित मेनस्ट्रुअल केयर रूम और वेलनेस सेंटर छात्राओं के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और व्यक्तिगत विकास को बढ़ावा देने के लिए समर्पित केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इससे विद्यालय में अधिक समावेशी, संवेदनशील और सहयोगात्मक वातावरण विकसित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
No Comments: