नामची : जिले में ब्रॉडबैंड ढांचे के विकास, टेलीकॉम कनेक्टिविटी और सेवा प्रदाताओं के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा हेतु आज यहां अतिरिक्त जिलाधिकारी (मुख्यालय) के कार्यालय में जिला स्तरीय ब्रॉडबैंड समिति की एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नामची के एडीसी (मुख्यालय) सुभाष घिमिरे ने समिति की मुख्य जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने और टेलीकॉम टावर लगाने के लिए राइट ऑफ वे मंजूरी को सुगम बनाने की आवश्यकता बताई। बैठक में भारतनेट और 4जी-5जी सैचुरेशन योजनाओं जैसी प्रमुख डिजिटल परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने टेलीकॉम कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे से जुड़े नुकसान और मोबाइल टावरों को लेकर जनता की शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था पर जोर दिया। साथ ही, सुरक्षा उपायों का उल्लेख करते हुए उन्होंने भूमिगत सुविधाओं को नुकसान से बचाने के लिए ‘कॉल बिफोर यू डिग’ ऐप के उपयोग की जानकारी दी और टेलीकॉम रेडिएशन सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
वहीं, शहरों में व्यवस्थित ढांचागत प्रबंधन पर बल देते हुए उन्होंने सेवा प्रदाताओं को तारों की उचित रूटिंग और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को नगर क्षेत्रों में पड़े अनुपयोगी और पुराने तार हटाने के निर्देश भी दिए। बैठक में, विकास कार्यों के दौरान भूमिगत टेलीकॉम लाइनों को नुकसान से बचाने के लिए विभागों और सेवा प्रदाताओं के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर भी जोर दिया गया। संबंधित हितधारकों को भूमिगत केबल नेटवर्क की जीपीएस और जीआईएस मैपिंग करने का निर्देश दिया गया, जिससे टेलीकॉम लाइनों की सही स्थिति की पहचान हो सके और सेवाओं में बाधा कम हो।
इसके अलावा सेवा प्रदाताओं को नियमित निरीक्षण करने और टेलीकॉम कार्यों से जुड़े विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नामची और जोरथांग के आसपास पड़े बेकार बीएसएनएल पोल हटाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए नामची नगर परिषद और जोरथांग नगर परिषद के सहयोग से कार्रवाई करने की बात कही गई। इस दौरान, नामची के एमईओ योगेन स्यांगदेन, नामची स्मार्ट सिटी के मुख्य नगर योजनाकार नवीन राई, यूडीडी उप निदेशक एसके राई, एनएससीएल सीईओ थुपदेन ग्याछो भूटिया और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
No Comments: