गंगटोक : भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को गंगटोक के रिज पार्क से पिंक सिटी रनर बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। राष्ट्रपति अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सिक्किम आई हैं। यह कार्यक्रम सिक्किम विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह से पहले आयोजित किया गया।
पिंक सिटी रनर बस सेवा की अवधारणा की घोषणा मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अक्टूबर 2025 में की थी। सिक्किम सरकार द्वारा शुरू की गई यह विशेष बस सेवा महिलाओं के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसे ‘आमा-दीदी-बहिनी’ बस सेवा के नाम से भी जाना जाता है।
जानकारी के अनुसार, यह बस सेवा रानीपुल से ताशीलिंग सचिवालय तक चलेगी। इस सेवा की खास बात यह है कि बसों का संचालन पूरी तरह महिला चालक और महिला परिचालक करेंगी और यह सेवा केवल महिला यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सुबह और शाम के समय अधिक सुरक्षित तथा सुविधाजनक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए महिला यात्रियों से सामान्य किराये का केवल आधा किराया लिया जाएगा, जबकि शेष राशि राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी के रूप में वहन की जाएगी।
वहीं, पिंक सिटी रनर बस सेवा से न केवल महिलाओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी, बल्कि सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यह क्षेत्र अब तक मुख्य रूप से पुरुषों के वर्चस्व वाला माना जाता रहा है। राज्य सरकार ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और जनकल्याणकारी शासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
आज इस कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, विधायक सह परिवहन सलाहकार मदन सिंटुरी, मुख्य सचिव आर तेलंग, गृह सचिव बेनू गुरुंग, सूचना एवं जनसंपर्क सचिव अन्नपूर्णा आले, परिवहन विभाग के पीसीई सह सचिव मनीष प्रधान, ग्रामीण विकास सचिव अनिल राज राई, एडीएम मुख्यालय छिरिंग नोरग्याल थिंग, वरिष्ठ पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
No Comments: