उप-विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता सफलता के साथ जारी

गंगटोक : मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व एवं युवामुखी सोच से प्रेरित होकर सिक्किम के राबांग्‍ला स्थित 14 माइल खेल मैदान में आयोजित उप-विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। यह जानकारी राबांग्‍ला महकमा प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

प्रशासन के अनुसार, सिक्किम राज्य के स्वर्ण जयंती वर्ष 1975-2025 नशामुक्त भारत तथा विकसित भारत अभियान को ध्यान में रखते हुए इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे और अन्य दुर्व्यसनों से दूर रखते हुए खेलकूद, अनुशासन और सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना है। यह प्रतियोगिता राबंगला के एडीसी (डेवलपमेंट) के नेतृत्व में तिमी, यांयांग, सिक्किप और राबोंग बीएससी सहित चार ब्लॉकों के संयुक्त सहयोग एवं समन्वय से आयोजित की जा रही है।

कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक एवं नाम्ची जिले में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव विष्णुप्रसाद शर्मा हैं। प्रशासन ने बताया कि उनके सक्रिय मार्गदर्शन और समन्वय से प्रतियोगिता व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। यह ऐतिहासिक प्रतियोगिता 23 मई 2026 से औपचारिक रूप से शुरू हुई है। हालांकि प्रतियोगिता के समापन की तिथि अभी तय नहीं की गई है। प्रशासन ने कहा कि अंतिम तिथि निर्धारित होने के बाद आधिकारिक रूप से जानकारी साझा की जाएगी।

प्रतियोगिता में विभिन्न विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रेमियों तथा स्थानीय युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिल रही है। आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता युवाओं के बीच भाईचारा, एकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राबंगला महकमा प्रशासन (डेवलपमेंट) ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, आयोजन समिति, खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों, दर्शकों और स्थानीय नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। साथ ही भविष्य में भी युवामुखी, समाजोपयोगी और रचनात्मक कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics