बोरोंग विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यक्रम आयोजित

विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सकारात्मक वातावरण व भावनात्मक सहयोग पर जोर

नामची : रालांग-बोरोंग टेरिटोरी में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से बोरोंग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा की प्रवक्ता एवं जिला पंचायत सदस्य अंजना शर्मा की पहल पर किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बदलते सामाजिक परिवेश और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच विद्यार्थियों एवं युवाओं में बढ़ते मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता और सामाजिक दबाव जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

राबोंग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य परामर्शदाता बिनिता शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, किशोरों में मानसिक चुनौतियों तथा समय पर परामर्श और उपचार की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं रालाङ वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की एंजल राई ने सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और स्वस्थ मानसिकता के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर अंजना शर्मा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य अब उपेक्षा का विषय नहीं रह गया है और इसे गंभीर सामाजिक मुद्दे के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को सकारात्मक माहौल, उचित मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निर्मला दाहाल, लोवर नामलुंग वार्ड सदस्य जसु माया लिम्बू, सामाजिक कल्याण निरीक्षक चंद्रकला शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics