सिक्किम पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर से हुईं रूबरू

'सिम्बिडियम नमो' रहा आकर्षण का केंद्र

गंगटोक : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सिक्किम पहुंचीं। उनके आगमन पर लिबिंग हेलीपैड और लोकभवन में भव्य स्वागत किया गया। राज्‍यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। लोकभवन में राज्यपाल ने राष्ट्रपति को पुष्पगुच्छ और पारंपरिक खादा भेंट कर अभिनंदन किया।

राष्ट्रपति के स्वागत समारोह में विधानसभा अध्‍यक्ष एमएन शेरपा, उपाध्‍यक्ष राजकुमारी थापा, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा भारतीय सेना के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति ने नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी (एनआईटी) का दौरा किया। यहां राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर और मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर धार्मिक मामले एवं पीएचई मंत्री सोनम लामा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

राष्ट्रपति ने संस्थान परिसर का भ्रमण कर दुर्लभ पांडुलिपियों, कलाकृतियों, भित्ति चित्रों और प्रदर्शित विरासत सामग्री को देखा। संस्थान के अधिकारियों ने उन्हें हिमालयी बौद्ध संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों तथा सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और दस्तावेजीकरण के प्रयासों की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने अधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी किया।

इसके बाद राष्ट्रपति ने गंगटोक स्थित रिज पार्क ऑर्किडेरियम का दौरा किया। स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी कॉम्प्लेक्स में स्थित यह ऑर्किडेरियम सिक्किम की समृद्ध पुष्प विरासत और जैव विविधता संरक्षण का प्रमुख केंद्र माना जाता है। अधिकारियों ने राष्ट्रपति को बताया कि सिक्किम में ऑर्किड की 507 प्रजातियां पाई जाती हैं। राष्ट्रपति को दुर्लभ, स्वदेशी और विशेष ऑर्किड प्रजातियों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान ‘थुनपा पुएन झी’ यानी ‘चार सौहार्दपूर्ण मित्रों’ की सांस्कृतिक अवधारणा से भी उन्हें अवगत कराया गया।

ऑर्किडेरियम भ्रमण का मुख्य आकर्षण ‘सिम्बिडियम नमो’ नामक विशेष ऑर्किड प्रजाति रही, जिसका नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में रखा गया है। अधिकारियों ने राष्ट्रपति को इस प्रजाति की विशेषताओं और महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर शहरी विकास तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भोज राज राई, मुख्य सचिव आर तेलंग, शहरी विकास आयुक्त सह सचिव जितेंद्र सिंह राजे, मेयर छिरिंग पालदेन भूटिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान सिक्किम विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी तथा सिक्किम पुलिस को ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ प्रदान करेंगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics