श्रद्धा और अनुशासन के साथ होगा रिन्पोछे का स्वागत

मंत्री सोनम लामा बोले- यह सेवा सभी के लिए सौभाग्य और श्रद्धा का अवसर

गंगटोक : श्रद्धेय क्याबगोन दोद्रुपचेन रिन्पोछे के पवित्र पार्थिव अवशेष (कुडुंग) के स्वागत को लेकर आज गंगटोक सदर थाने के पास माखिम में अंतिम तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता धार्मिक विभाग के मंत्री सोनम लामा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र संगठन, संन्यासी और हितधारकों उपस्थित रहे।

धार्मिक विभाग की सचिव केडी रेचुंग ने बताया कि 24 मई को होने वाले स्वागत कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारी और विभागीय समन्वय किया गया है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा मार्ग पर कई बार निरीक्षण किया गया है, ताकि नीचे लटकते बिजली तारों, सडक़ अवरोधों और संकरे मार्गों जैसी समस्याओं को दूर किया जा सके। साथ ही, जलापूर्ति, मार्ग सफाई, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, संजीव प्रसारण और विद्यालयों की भागीदारी से जुड़ी व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं। पुलिस विभाग से शोभायात्रा के दौरान एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू करने पर विचार करने का अनुरोध किया गया।

वहीं, मंत्री सोनम लामा ने कहा कि इस पवित्र अवसर पर सेवा करना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने रिन्पोछे को पहले राजकीय अतिथि घोषित किया था और गंगटोक प्रवास के दौरान हर संभव सहयोग दिया गया। उनके परिनिर्वाण के बाद भी 49 दिवसीय अनुष्ठानों और संबंधित कार्यक्रमों में सरकार ने सहयोग जारी रखा।

मंत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार, सामाजिक संगठन और आम लोग मिलकर पवित्र कुडुंग के स्वागत को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से अनुशासन और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। उन्होंने पवित्र कुडुंग के स्वागत के लिए की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में भी विस्तार से बताया, जिसमें समन्वय, निर्धारित स्थान और विभिन्न संगठनों व समूहों की भागीदारी शामिल है।

बैठक में वरिष्ठ गेंद्रुंग छिरिंग थेंडुप भूटिया ने सेरबांग व्यवस्था और पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। एएसपी ट्रैफिक कर्मा शेरुप ने शोभायात्रा के दिन यातायात प्रबंधन योजना की जानकारी दी। उनके साथ, ट्रैफिक एएसपी कर्मा शेरुप ने यातायात प्रबंधन योजना और जुलूस के दिन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं पर चर्चा की, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारू रहे और जनता को किसी तरह की असुविधा न हो।

इस अवसर पर मंत्री सोनम लामा ने सरकार की ओर से देवराली मोनेस्ट्री ट्रस्ट के कुंचोक येंटेन को स्वागत कार्यक्रम और अनुष्ठानों की व्यवस्था के लिए 20 लाख रुपये का चेक सौंपा।

बैठक में पीएचईडी सचिव शैलेन्द्र शर्मा, गंगटोक एसपी महेन्द्र सुब्बा, एसडीएम सी.एस. लिम्बू सहित विभिन्न विभागों और संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics