वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और वैश्विक व्यापार के लिहाज से बेहद संवेदनशील जलमार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक बड़ा और कड़ा बयान दिया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के माध्यम से सामने आए यूएस नेटवर्क पूल के एक वीडियो में ट्रंप ने कहा कि जलमार्ग को खुला रखना उनकी प्राथमिकता है, लेकिन वे इसके लिए कोई जल्दबाजी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति पूरी तरह तैयार है, वे एक सीमित समझौते के जरिए इस जलमार्ग को तुरंत खुलवाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए वे किसी भी तरह की हड़बड़ाहट में नहीं हैं।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के साथ एक सीमित समझौते का मतलब लंबे समय के संघर्षविराम से है, जिसके तहत होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत खोलना होगा। ट्रंप ने कहा कि हम इसे एक मौका देने जा रहे हैं। मुझे कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने मध्यवर्ती चुनावों के राजनीतिक दबाव को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि वे भारी तबाही के बजाय कम से कम जनहानि देखना चाहते हैं। उन्होंने ईरान की मौजूदा आंतरिक स्थिति पर कहा कि वहां की जनता बेहद खराब दौर से गुजर रही है और वहां सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश और अशांति का माहौल है।
ईरान के साथ समझौते में देरी के सवाल पर ट्रंप ने अमेरिका के पुराने लंबे युद्धों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि अमेरिका वियतनाम में 19 साल, अफगानिस्तान में 10 साल और इराक में 12 साल रहा, जबकि वे इस मोर्चे पर केवल तीन महीने से हैं और इस दौरान ज्यादातर समय संघर्षविराम रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि पुराने युद्धों में लाखों सैनिक मारे गए, जबकि उनके कार्यकाल में वेनेजुएला और ईरान जैसे दो बड़े मोर्चों पर अमेरिका ने केवल 13 लोग खोए हैं। ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह आर्थिक और रणनीतिक रूप से पस्त बताते हुए दावा किया कि आने वाले तीन साल में बेहद सकारात्मक और अद्भुत चीजें देखने को मिलेंगी।
No Comments: