सिक्किम में विकास की असीम संभावनाएं मौजूद : राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर

गंगटोक : सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर अपने गेजिंग जिले के प्रथम दिवसीय दौरे के दौरान सिक्किम की प्रथम राजधानी योक्सम पहुंचे, जहां उन्होंने कंचनजंघा राष्ट्रीय उद्यान हॉल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम परिसर में पहुंचने के पश्चात राज्यपाल ने सबसे पहले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आत्मनिर्भरता के तहत निर्मित पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इसके अतिरिक्त, माननीय राज्यपाल ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत लगाए गए रूफ टॉप सोलर सिस्टम का उद्घाटन कर लाभार्थियों को समर्पित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्यपाल ने कंचनजंघा कंजर्वेशन कमेटी (एनजीओ), स्थानीय पंचायत सदस्यों, वन विभाग के अधिकारियों और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के साथ एक व्यापक समीक्षा बैठक और संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।

इस बातचीत के दौरान राज्यपाल ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और उपस्थित एसएचजी की महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यों और उपलब्धियों का विवरण साझा किया। उपस्थित जनसमूह को प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सिक्किम में विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने सभी को नए नवाचार अपनाने तथा सिक्किम के जैविक उत्पादों को और अधिक बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जिसकी वैश्विक बाजार में भारी मांग है।

इस दौरान उनके द्वारा कई मांगें भी रखी गईं जिनमें विशेष रूप से क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत बैंक,स्वयं सहायता समूह के लिए कार्यालय आदि प्रमुख रहे। इसी क्रम में राज्यपाल ने जिला प्रशासन की एक पहल, ‘विलेज लाइब्रेरी सह पुस्तक दान केंद्र’ का भी दौरा किया और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए इस कदम को उपयोगी बताया। कार्यक्रम के समापन पर राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने के लिए कंचनजंघा कंजर्वेशन कमेटी को विशेष रूप से सम्मानित किया।

इस अवसर पर क्षेत्र विधायक टीटी भूटिया, लोकसभा सांसद इंद्रहांग सुब्बा, गेजिंग के जिला अधिकारी तेनजिंग डी. डेन्जोंग्‍पा, पुलिस अधीक्षक छिरिंग शेरपा, विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं और स्थानीय नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सिक्किम की विविधता पूर्ण संस्कृति को दर्शाती साँस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया जिसका सभी ने आनंद लिया।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics