भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शिवालिक कंपनी से सड़क निर्माण कार्य पर मांगा जवाब

गंगटोक : भाजपा की सिक्किम इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को माखा-दिक्चू सड़क चौड़ीकरण परियोजना का कार्य कर रही शिवालिक कंपनी के कार्यालय का दौरा कर सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं और स्थानीय लोगों की परेशानियों को उठाया।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा सिक्किम के महासचिव दिनेश नेपाल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में राज्य सचिव नीरेन भंडारी, गंगटोक जिला अध्यक्ष पेम्‍पो लेप्‍चा, विधानसभा प्रभारी पूर्ण कुमार न्‍योपाने, पार्टी पदाधिकारी पासांग ग्‍याली शेरपा तथा मंडल अध्यक्ष प्रेम छेत्री सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी अधिकारियों के समक्ष सड़क की खराब स्थिति, यात्रियों को हो रही कठिनाइयों, प्रभावित क्षेत्रों में मकानों को हुए नुकसान, स्कूली बच्चों के आवागमन की समस्या तथा तुमिन खोला से बरांग तक पारंपरिक सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त होने से किसानों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया।

कंपनी की ओर से प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि अगले 10 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत और कीचड़ हटाने का कार्य किया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके। स्कूली छात्रों के लिए परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग पर भी कंपनी ने आवश्यक सहयोग का भरोसा दिया।

भाजपा सिक्किम ने कहा कि वह जल्द ही गंगटोक के जिला कलेक्टर से मुलाकात कर संयुक्त निरीक्षण की मांग करेगी। इसमें जिला प्रशासन, शिवालिक कंपनी, बीआरओ, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्य और प्रभावित नागरिकों को शामिल करने का प्रस्ताव रखा जाएगा। पार्टी ने कहा कि विकास कार्यों के साथ जनसुरक्षा, जवाबदेही और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics