गंगटोक : सिक्किम के शहरी विकास और खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री भोजराज राई ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक में भाग लिया। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में 19-20 मई को हुई इस बैठक में सभी राज्यों के शहरी विकास विभाग मंत्री अपने अधिकारियों के साथ मौजूद थे। सिक्किम से मंत्री राई के साथ शहरी विकास आयुक्त सह सचिव जितेंद्र सिंह राजे और शहरी विकास विभाग के विशेष सचिव जिग्मे वांगचुक भूटिया ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
इस समीक्षा बैठक में राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन-शहरी’ के तहत स्वीकृत योजनाओं के कार्यान्वयन में हुई प्रगति का जायजा लिया गया। साथ ही मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में कुछ राज्यों को आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। कुछ प्रमुख राज्यों ने अपने अनुभव और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां भी साझा कीं, जिन्हें अन्य राज्यों द्वारा भी अपनाया जा सकता है।
इस दौरान, सिक्किम में दृश्य स्वच्छता के विषय पर बोलते हुए मंत्री भोज राज राई ने राज्य में स्वच्छता के प्रति समुदाय की सशक्त भागीदारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए उठाए गए कुछ कदमों का भी उल्लेख किया। बैठक में नए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के कार्यान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें पर्यावरण एवं वन मंत्रालय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और पंचायती राज मंत्रालय जैसे प्रमुख मंत्रालयों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
No Comments: