गंगटोक : हिमालयी राज्य सिक्किम में आगामी 30 मई से मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) का कार्य शुरू होगा। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजकुमार यादव ने आज गंगटोक स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों और मीडिया कर्मियों के साथ इस प्रक्रिया के कार्यान्वयन पर एक बैठक की।
बैठक में, सीईओ राजकुमार यादव ने एसआईआर को महत्व पर प्रकाश डालते हुए इस प्रक्रिया में राज्य से अयोग्य मतदाताओं को हटाने के लिए गहन पुनरीक्षण किये जाने की बात कही। उन्होंने सभी को याद दिलाया कि पिछली बार 2002 में एसआईआर हुआ था, जो राज्य में पात्रता और नागरिकता की अनुमानित स्थिति के प्रमाण के रूप में भी कार्य करता है।
इसके साथ ही, सीईओ ने राज्य में होने वाले एसआईआर के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 20 से 29 मई तक इस प्रक्रिया के लिए तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण से संबंधित कार्य होंगे। वहीं, 30 मई से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा जो 28 जून तक चलेगा। इसी दिन तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण भी होगा।
सीईओ ने बताया कि 5 जुलाई को मसौदा मतदाता सूची का प्रकाशन होगा जिसके बाद 4 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। वहीं, 5 जुलाई से 2 सितंबर तक दावे और आपत्तियों का नोटिस/चरणबद्ध निस्तारण का कार्य होगा। इन सभी के बाद, 6 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सिक्किम समेत कुल 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में यह विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) होगा। 6 सितंबर को सिक्किम के साथ-साथ ओडिशा, मिजोरम और मणिपुर समेत अन्य राज्यों में भी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
बैठक में, सीईओ ने मतदान केंद्रों के युक्तिकरण पर विस्तार से बताते हुए कहा कि इसमें पते को सही करने पर विशेष जोर दिया जायेगा। उन्होंने हाल ही में निर्वाचन आयोग द्वारा सिक्किम में मंजूर किए गए 54 नए मतदान केंद्रों को शामिल किए जाने के बारे में भी जानकारी दी। सीईओ ने गणना फॉर्म के वितरण और जमा करने की प्रक्रिया में बीएलओ, राजनीतिक दलों और मतदाताओं द्वारा उठाए जाने वाले कदमों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
इसके अलावा, यादव ने निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित उन दस्तावेजों का भी ज़िक्र किया, जिन्हें पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिए जमा करना होगा-खासकर तब, जब उनका नाम 2002 की स्ढ्ढक्र मतदाता सूची में न हो। इस संबंध में, उन्होंने ‘ईसीआईनेट’ ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी जिसके जरिए मतदाता अपने एसआईआर विवरण खोजने के साथ अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ से बात करने के लिए कॉल बुक कर सकते हैं।
इस दौरान, सीईओ ने एसआईआर की सुनवाई प्रक्रिया के दौरान ईआरओ और एईआरओ द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों पर भी जोर दिया। साथ ही, उन्होंने विदेश से आकर सिक्किमी पुरुषों से विवाह करने वाली महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए किए गए प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी। इस बैठक में संयुक्त चुनाव सचिव सोनम चोकी योनजोन, संयुक्त आईटी निदेशक जांगपो ग्यालछेन के साथ अन्य अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
No Comments: