पटना । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी लोगों तक ठीक ढंग से और त्वरित रूप से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के अनुश्रवण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया जाए, जिससे पारदर्शिता और कार्यकुशलता दोनों में सुधार होगा।
लोक सेवक आवास स्थित 1 अणे मार्ग के ‘संकल्प’ सभागार में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की। बैठक में सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव डॉ चन्द्रशेखर सिंह ने विभाग की अद्यतन स्थिति और भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है और राज्य तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना, बेहतर कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिससे आम जनता को लाभ मिल रहा है। साथ ही छोटे उद्योगों के विकास से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
उन्होंने निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी न केवल राज्य में बल्कि देश के अन्य हिस्सों तक भी सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाए। जिलों की विशेषताओं, महत्वपूर्ण स्थलों और आधारभूत संरचनाओं की जानकारी भी जिलावार व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का महत्व काफी बढ़ गया है, इसलिए सभी विभागों को इसका उपयोग योजनाओं के अनुश्रवण में करना चाहिए। इससे निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने जिलावार एआई उपयोग के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक, तथ्यहीन या नकारात्मक जानकारी प्रसारित होती है तो उसका तुरंत तथ्यों के साथ खंडन किया जाए।
इस अवसर पर प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव लोकेश कुमार सिंह, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ गोपाल सिंह, सचिव संजय कुमार सिंह, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव डॉ चन्द्रशेखर सिंह, निदेशक अनिल कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
No Comments: