नामची। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने आज जिले की अपनी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों का दौरा किया और केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत चल रही विकास गतिविधियों की समीक्षा की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया, लाभार्थियों से बातचीत की और पूरे जिले में विभिन्न कल्याणकारी पहलों के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा की।
सिद्धेश्वर धाम की यात्रा के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर (Savitri Thakur) का हर्राबोटे में जोरथांग एसडीएम बी.बी. राई और पंचायत सदस्यों ने स्वागत किया। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क का निरीक्षण किया। इसके बाद, मंत्री के ‘राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान’ पहुंचने पर निदेशक विशाल मुखिया और अतिरिक्त निदेशक चंद्रकला राई ने उनका स्वागत किया।
मंत्री ने संस्थान में प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण के महत्व पर जोर देते हुए राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। स्वयं सहायता समूहों के योगदान पर बोलते हुए उन्होंने सक्रिय राजनीति में आने से पहले एसएचजी के साथ अपने जुड़ाव को भी याद किया। मंत्री ने नामची की जिला कलेक्टर श्रीमती अनुपा तामलिंग के प्रयासों की भी सराहना की और जिले के कुशल प्रशासन तथा विकास प्रगति में उनकी भूमिका की तारीफ की।
इससे पहले, संस्थान निदेशक ने मंत्री को विभाग के कामकाज तथा संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण मॉड्यूलों के बारे में जानकारी दी। वहीं, एनआईआरडी-एनईआरसी की श्रीमती वाई. एटोन कोन्याक ने भी संस्थान में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रशिक्षुओं को योग्यता प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
इसके बाद, केंद्रीय मंत्री ने जोरथांग स्थित ‘वन स्टॉप सेंटर’ का दौरा किया, जहां एनजेएनपी अध्यक्ष सामतेन मोक्तान तमांग, पंचायत सदस्य श्रीमती उमा पोर्टेल, सहायक निदेशक (पोषण) श्रीमती सोफिया लेप्चा, जोरथांग सीडीपीओ प्रबीन सिलाल, जोरथांग ओएससी के अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान, मंत्री ने केंद्र का संक्षिप्त निरीक्षण कर इसके बुनियादी ढांचे तथा परिचालन क्षमता का आकलन किया। वहां सहायक निदेशक (पोषण) सोफिया लेप्चा ने उन्हें विभाग के प्रशासन और कामकाज के बारे में जानकारी दी, जबकि जोरथांग ओएससी की केंद्र प्रशासक संगीता गुरुंग ने केंद्र द्वारा शुरू की गई विभिन्न सफल कहानियों और पहलों को प्रस्तुत किया।
इस पूरी यात्रा के दौरान, केंद्रीय मंत्री के साथ सालघरी-ज़ूम के विधायक एवं परिवहन व कौशल विकास सलाहकार मदन सिंचुरी, नामची जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग, जोरथांग एसडीएम बी.बी. राई, बैगुने बीडीओ प्रमिला गुरुंग और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
No Comments: