गंगटोक : इनर व्हील क्लब ऑफ गंगटोक द्वारा राज्य खेल विकास बोर्ड के सहयोग से रविवार को एमजी मार्ग, गंगटोक में “वुमन रन 2026–फिटनेस, यूनिटी एंड कल्चर” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, फिटनेस को प्रोत्साहित करने, एकता को मजबूत करने तथा सिक्किम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के तहत महिलाओं और युवतियों के लिए विशेष रूप से 5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि पारंपरिक परिधानों में 2 किलोमीटर वॉक का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एमजी मार्ग रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और प्रतिभागियों के जोश से जीवंत नजर आया।
इस अवसर पर सिक्किम विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ गंगटोक नगर निगम की महापौर छेरिंग पाल्देन भूटिया, उपमहापौर सारा लामा, राज्य खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रिनजिंग वांग्याल छोपेल, राज्य युवा विकास बोर्ड के अध्यक्ष बसंत योंजोन तथा पार्षद संदीप मालू भी मौजूद थे।
मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम महिलाओं को शारीरिक रूप से सक्रिय और आत्मविश्वासी बनाने के साथ-साथ समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि फिटनेस और सांस्कृतिक पहचान को एक साथ जोड़ने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने न केवल खेल भावना का परिचय दिया, बल्कि पारंपरिक परिधानों के माध्यम से सिक्किम की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को भी प्रदर्शित किया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिलाओं और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
No Comments: