गेजिंग : पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री सह योक्सम-ताशिदिंग क्षेत्र के विधायक छिरिंग टी भूटिया ने आज योक्सम-ताशिदिंग निर्वाचन क्षेत्र के खेचीपेरी के निकट स्थित लामथांग गांव का दौरा किया।
वर्ष 2024 के चुनाव के दौरान किए गए वादे को पूरा करते हुए मंत्री गांव पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को प्रेशर कुकर, वाटर फिल्टर और अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री वितरित की।
लामथांग गांव तक नई मोटर योग्य सड़क पहुंचने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। पहले सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को बुनियादी जरूरतों के लिए प्रतिदिन लगभग एक घंटे तक पहाड़ी रास्तों पर पैदल चलना पड़ता था। सड़क संपर्क स्थापित होने के बाद अब गांव में तेज विकास और बेहतर जीवन स्तर की उम्मीद जताई जा रही है।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने लामथांग गांव में पर्यटन की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला और पर्यटन आधारित गतिविधियों तथा सतत आजीविका के माध्यम से क्षेत्र के विकास की अपनी योजना साझा की। उन्होंने लामथांग गांव के ऊपर स्थित बज्रे दारा ट्रेकिंग रूट को भी पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण बताते हुए गांव को ट्रेकिंग और एडवेंचर टूरिज्म का बेस कैंप बनाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने आश्वासन दिया कि लामथांग होते हुए बज्रे डांड़ा तक जाने वाले ट्रेकिंग मार्ग का और अधिक विकास किया जाएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
मंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से पर्यटन क्षेत्र में उद्यमिता अपनाने का आह्वान किया तथा राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं और सहायता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के दूरदर्शी नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं में प्राथमिकता दी जा रही है। दौरे के दौरान मंत्री ने गांव तक पहुंचने वाली नई सड़क का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने गांव के सरकारी प्राथमिक विद्यालय का दौरा कर वहां की वर्तमान स्थिति और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
उन्होंने हेवेनली पाथ निर्वाण ऑर्गेनाइजेशन के श्रद्धालुओं के लिए निर्माणाधीन सेमेचुंग भवन का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों तथा ठेकेदार को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और कुशलक्षेम की जानकारी भी ली। ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्य शुरू करने और चुनावी वादों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार तथा क्षेत्रीय विधायक का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर योक्सम के बीडीओ सनमान लिम्बू, जिला पंचायत सदस्य सावित्री राई, खेचीपेरी जीपीयू के पंचायत अध्यक्ष सोनम योंगदा भूटिया, पंचायत सदस्य और स्थानीय निवासी भी उपस्थित थे।
No Comments: