पहाड़ को अब निश्चित रूप से मिलेगा न्याय : संजीव लामा

दार्जिलिंग : भारतीय जनता पार्टी के दार्जिलिंग जिला अध्यक्ष संजीव लामा ने दावा किया कि बंगाल में कमल खिलाने में पहाड़ की बड़ी भूमिका रही है, इसलिए अब पहाड़ को निश्चित रूप से न्याय मिलेगा। स्थानीय पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल विधानसभा में गोरखा समुदाय के पांच विधायक पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा, विधानसभा में पहाड़, तराई और डुआर्स की विभिन्न समस्याओं को ये विधायक उठाएंगे और सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। यहां की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सांसद राजू बिष्ट के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए अपने जनप्रतिनिधि चुने हैं। इसके लिए हम जनता के आभारी हैं। यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि पूरे जनसमुदाय की जीत है।

संजीव लामा ने कहा कि इस बार बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है। उनके अनुसार, केवल पहाड़ ही नहीं बल्कि पूरे बंगाल में भाजपा को भारी समर्थन मिला है। उन्होंने इसे पहाड़, तराई, डुआर्स और गोरखा समुदाय के लिए सुनहरा अवसर बताया।

उन्होंने कहा कि गोरखा जनता वर्ष 2009 से लगातार कमल खिलाती आ रही थी, लेकिन अब जाकर बंगाल में भाजपा सरकार बनने की स्थिति बनी है। उन्होंने इस जीत में पहाड़ की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उम्मीद जताई कि गोरखा समुदाय को अब अवश्य न्याय मिलेगा।

संजीव लामा ने दार्जिलिंग की समस्याओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, रोजगार, सड़क, पानी और रोजगार के अवसरों जैसी समस्याओं को गिनाते हुए उम्मीद जताई कि सरकार इन मुद्दों पर गंभीरता से काम करेगी।

उन्होंने बुधवार रात भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या पर भी दुख व्यक्त किया। साथ ही राज्य में लगातार हो रही अन्य अप्रिय घटनाओं का जिक्र करते हुए पुलिस प्रशासन से सक्रियता दिखाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की भी मांग की।

संजीव लामा ने कहा कि दार्जिलिंग पहाड़ की जनता जलाने, तोड़फोड़ और जमीन कब्जाने जैसी घटनाओं से तंग आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं घटनाओं को रोकने और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है। हालांकि, उन्होंने लोगों को चेतावनी भी दी कि कोई भी हिंसा और तोड़फोड़ जैसी गतिविधियों में शामिल न हो।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics