राज्य को पर्यटन के उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए : मंत्री TT Bhutia

गंगटोक : प्रधानमंत्री के हालिया दौरे के पश्चात सिक्किम में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सम्मेलन कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री टीटी भूटिया ने की। बैठक का मुख्य एजेंडा सिक्किम के पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास एवं प्रचार-प्रसार पर विचार-विमर्श करना तथा हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के साथ भविष्य की कार्ययोजना तय करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री टीटी भूटिया ने सभी हितधारकों की उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा सिक्किम की आतिथ्य परंपरा की सराहना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य को पर्यटन के उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री की देखो अपना देश पहल का जिक्र करते हुए पर्यटन क्षेत्र को और सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही बैठक के दौरान उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की भी सराहना की, जिनकी वजह से प्रधानमंत्री का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सी.एस. राव ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे से पर्यटन को बढ़ावा मिला है। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सुनियोजित योजना, विचारों के आदान-प्रदान और स्पष्ट रोडमैप की आवश्यकता पर जोर दिया। विभाग की सचिव सुश्री होंडाला ग्याछेन ने अपने संबोधन में हितधारकों के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने संभावित रूप से बढ़ने वाले पर्यटकों की संख्या को देखते हुए राज्य की तैयारियों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। साथ ही वेलनेस और एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया।

पीसीई सह सचिव नीरज प्रधान ने प्रधानमंत्री द्वारा सिक्किम के पर्यटन संभावनाओं के समर्थन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी हितधारकों के सहयोग से राज्य को तैयार रहना होगा। बैठक के दौरान विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें विभिन्न हितधारकों ने अपनी समस्याएं रखीं और पर्यटन क्षेत्र को बेहतर बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। इस बैठक में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान निदेशक (लेखा) बिनोद शर्मा, अतिरिक्त निदेशक सुश्री भूमिका प्रधान, सिक्किम टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन, टास, सुतो, आस्था, एसएचआरए, एसएमए, एचएएस एवं सदाम टूरिज्म के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics