प्रधानमंत्री 30 से अधिक परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन व शिलान्यास

गंगटोक : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचेंगे। यह दौरा खास इसलिए है क्योंकि राज्य अपने राज्‍यत्‍व की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। वे दोपहर करीब 3 बजे लिबिंग स्थित सेना के हेलीपैड पर उतरेंगे, जिसके बाद लोक भवन तक भव्य रोड शो होगा। सिक्किम के विभिन्न समुदायों के लोग पारंपरिक वेशभूषा में मार्ग के दोनों ओर खड़े होकर उनका स्वागत करेंगे।

28 अप्रैल को प्रधानमंत्री पालजोर स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर पर 1,000 से अधिक कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के लिए अभ्यास कर रहे हैं, जिसमें सिक्किम के तीन प्रमुख जातीय समुदायों के नृत्य और राष्ट्रीय विषयों का समावेश होगा।

इस दौरे के दौरान 30 से अधिक परियोजनाओं और बुनियादी ढांचा पहलों का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। प्रमुख परियोजनाओं में यांगांग में सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर, देंताम में एक व्यावसायिक कॉलेज और गंगटोक में हेलेन लेप्‍चा मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। इसके अलावा, बीसीसीआई की एक इनडोर क्रिकेट अकादमी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा। पालजोर स्टेडियम में प्रधानमंत्री का संबोधन स्वर्ण जयंती समारोह के समापन का मुख्य आकर्षण होगा।

प्रधानमंत्री यांगगांग स्थित सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। वर्ष 2007 में स्थापित यह विश्वविद्यालय अब तक गंगटोक में किराये की विभिन्न इमारतों से संचालित हो रहा था। वर्तमान में केवल छह विभाग यांगगांग परिसर से संचालित हो रहे हैं, जबकि बाकी विभाग अस्थायी स्थानों पर चल रहे हैं। स्थायी परिसर के उद्घाटन के बाद, विश्वविद्यालय के सभी विभागों को धीरे-धीरे यांगगांग स्थानांतरित किए जाने की उम्मीद है, जिससे राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठेगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics