गंगटोक के डीपीएच वार्ड के लिए मतदान संपन्न

गंगटोक : सिक्किम में शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनाव के तहत 63 वार्डों में से केवल एक वार्ड-डीजल पावर हाउस (डीपीएच), जो गंगटोक नगर निगम के अंतर्गत आता है, में ही शुक्रवार को मतदान हुआ।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, वार्ड संख्या 10 (डीजल पावर हाउस) में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक 718 मत डाले गए, जो कुल 2,862 मतदाताओं का 25.09 प्रतिशत है। शेष 61 वार्डों में चुनाव नहीं हुआ, क्योंकि अधिकांश उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए और सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन में हट गए। पानी हाउस के एक वार्ड में भी सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के कारण कोई मुकाबला नहीं हुआ।

डीजल पावर हाउस वार्ड में शुरू में दो उम्मीदवार मैदान में थे, मौजूदा पार्षद बिंद्या सिंचुरी और भाजपा की पहली बार उम्मीदवार सृजना छेत्री। हालांकि, 23 अप्रैल को मतदान से एक दिन पहले सिंचुरी ने छेत्री को समर्थन दे दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में, गंगटोक के विधायक दिल्‍ले नामग्याल बारफुंग्‍पा और एसकेएम कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में, सिंचुरी ने अपने समर्थकों से भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे केंद्र और राज्य की योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।

हालांकि सिंचुरी ने अपने निर्णय के पीछे के कारणों पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा, लेकिन कुछ मतदाताओं का आरोप है कि एसकेएम और बीजेपी गठबंधन के कथित दबाव के कारण उन्‍होंने अपना नाम वापस लिया। वहीं, भाजपा उम्मीदवार सृजना छेत्री ने चुनाव से पहले जीत को लेकर पूरा विश्वास जताया और मतदाताओं का समर्थन मिलने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह आश्वस्त हैं कि वे चुनाव जीतेंगी।

छेत्री ने सिंचुरी के समर्थन को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें बहन जैसी बताया और कहा कि इससे वार्ड के विकास कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के तहत केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी। अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बताते हुए छेत्री ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, आरसीसी फुटपाथों का निर्माण, सौंदर्यीकरण कार्य और वार्ड में झोरों (नालों) के उचित प्रबंधन पर ध्यान देंगी।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics