गंगटोक : सिक्किम के पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाएं मंत्री पूरन कुमार गुरुंग के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 18 अप्रैल को नई दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के प्रधान निदेशक डॉ केटी भूटिया और सिक्किम लाइवस्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड के सीईओ डॉ प्रतीक शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। बैठक के दौरान टीम ने सिक्किम के मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित एक डेमी-ऑफिशियल पत्र सौंपा, जिसमें राज्य में स्वदेशी सीरी नस्ल के मवेशियों के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से “मिशन सीरी” शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया।
यह परियोजना राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत सिक्किम लाइवस्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा लागू की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक को सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक बताया गया, जो सिक्किम में पशुधन विकास और संरक्षण को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य के बीच मजबूत समन्वय को दर्शाता है।
No Comments: