अंतरराष्ट्रीय जागनी महा महोत्सव की तैयारियों की हुई समीक्षा

नामची : सिक्किम के नामची में नामफिंग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगलधाम में आगामी अतिथि सदन के उद्घाटन और सप्ताहभर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय जागनी महा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तिमी-नामफिंग क्षेत्र के विधायक एवं आबकारी विभाग तथा सिक्किम राज्य लॉटरी निदेशालय के सलाहकार बीएस पंथ ने की।

बैठक में मुख्यमंत्री के एपीएस (नामची) बिष्णु प्रसाद शर्मा, एडीसी (मुख्यालय) सुबास घिमिरे, एएसपी मणि कुमार तमांग, बीडीओ तिमी रोशन राई, डीडीएमए के डीपीओ सुरज राई, सीडीपीओ लक्ष्मण तमांग, एसएचओ तिमी ज्योत्सना गुरूंग, मंगलधाम समिति के अध्यक्ष गोपी बाजगाई सहित विभिन्न विभागों और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बैठक की शुरुआत में विधायक ने नव-निर्मित अतिथि सदन का निरीक्षण किया और इसके बाद प्रार्थना मंडप का भी दौरा किया। उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से बातचीत की और कार्यक्रम को लेकर विभागों की तैयारियों का आकलन किया।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने महोत्सव के कार्यक्रमों के अनुरूप अपनी-अपनी जिम्मेदारियों और कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

एसएचओ तिमी ज्योत्सना गुरुंग ने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था सहित कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय निवासियों और आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

डीडीएमए के डीपीओ सुरज राई ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षा मानकों के पालन, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और स्थल पर विशेष टीम की तैनाती की जानकारी दी।

सीडीपीओ नामची लक्ष्मण तमांग ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम स्थल के पास बच्चों के लिए विशेष देखभाल केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां पूरे कार्यक्रम के दौरान कर्मियों की तैनाती रहेगी। मुख्यमंत्री के एपीएस बिष्णु प्रसाद शर्मा ने कहा कि वीवीआईपी अतिथियों के लिए उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अलावा, अधिकारियों ने एम्बुलेंस सेवा, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि सभी प्रतिभागियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics