जनगणना के तहत इस वर्ष 16 अप्रैल से तैयार होगी मकानों की सूची

स्वयं जानकारी देने के लिए स्व-गणना पोर्टल का उपयोग करने का आह्वान

गंगटोक : केंद्र सरकार ने अगले वर्ष 1 मार्च की संदर्भ तिथि के साथ देशव्यापी जनगणना 2027 की घोषणा की है। दो चरणों में होने वाली जनगणना के पहले चरण के संबंध में राज्य गृह विभाग ने आज ताशीलिंग सचिवालय सभागार में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया।

इस अवसर पर, सिक्किम के जनगणना संचालन निदेशक कर्मा बोनपो ने बताया कि यह जनगणना देश की 16वीं और विलय के बाद सिक्किम के लिए 5वीं जनगणना है। दो चरणों में होने वाली इस जनगणना के पहले चरण में इस साल 16 अप्रैल से 15 मई तक मकानों की सूची बनाने के साथ आवासों की गिनती होगी। वहीं, दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या की गिनती की जाएगी।

बोनपो ने बताया कि पूरी तरह डिजिटल होने वाली जनगणना के लिए केंद्र सरकार ने आम लोगों के लिए 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्वयं जानकारी प्रदान करने हेतु एक स्व-गणना पोर्टल शुरू किया है। उन्होंने नागरिकों से इस 15 दिनों की अवधि में भाग लेकर नीति-निर्माण, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व तथा अनुसंधान के लिए सटीक डेटा देने का आग्रह किया।

जनगणना संचालन निदेशक ने आगे बताया कि जनगणना का डेटा जनगणना कानून 1948 के तहत गोपनीय और सुरक्षित रहेगा और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से यह सुनिश्चित करने में सहयोग करने का आग्रह किया कि हर किसी की गणना हो।

इस दौरान, गृह सचिव और जनगणना के लिए राज्य नोडल अधिकारी तेनजिंग काल्‍योन ने जनगणना के संबंध में चल रही तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य सचिव के नेतृत्व में राज्य-स्तरीय समन्वय बैठक का पहला चरण आयोजित किया जा चुका है। उन्होंने नागरिकों से विश्वसनीय, सटीक और पूर्ण जानकारी एकत्र करने पर जोर देते हुए बताया कि मुख्य सचिव और केंद्रीय गृह सचिव ने नागरिकों से गणना करने वालों को सटीक जानकारी प्रदान करके इसमें सक्रियता से भाग लेने की अपील की है।

साथ ही, काल्‍योन ने स्व-गणना विकल्प पर जोर दिया और नागरिकों से समय बचाने के लिए इसका उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह विशेष रूप से कामकाजी व्यक्तियों के लिए उपयोगी है, जो शायद उस समय उपलब्ध न हों जब गणना करने वाले उनके घरों पर आते हैं। इस सेल्फ-एन्यूमरेशन से एक यूनिक आईडी बनती है, जिससे एन्यूमेरेटर के लिए डेटा को वैलिडेट और वेरिफाई करना आसान हो जाता है।

काल्‍योन ने आगे बताया कि जनगणना के काम में लगभग 2459 एन्यूमेरेटर और सुपरवाइजर फील्ड में काम करेंगे, जबकि कई अन्य लोग भी पीछे रहकर काम करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में गृह विभाग नोडल विभाग के तौर पर काम करेगा। इस संवाददाता सम्मेलन गृह विभाग के विशेष सचिव पीडी राई भी मौजूद थे।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics